प्रयागराज : माफिया अतीक अहमद के बेटे मोहम्मद उमर को पुलिस कस्टडी में लखनऊ से प्रयागराज लाए जाने के दौरान नवाबगंज टोल प्लाजा पर हुए बवाल के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। टोल टैक्स नहीं देने, बैरियर तोड़ने और टोल कर्मियों से कथित अभद्रता के मामले में नवाबगंज पुलिस अब तक छह वाहनों को जब्त कर सीज कर चुकी है।
बता दें कि 8 अगस्त मोहम्मद उमर को भाई आबान के जनाज़े में शामिल होने के लिए पुलिस कस्टडी में लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था। इस दौरान उमर के काफिले में शामिल सरकारी वाहन नवाबगंज टोल प्लाजा से गुजर गए। आरोप है कि इसके बाद काफिले से जुड़े कुछ चार पहिया वाहन तेज और खतरनाक तरीके से टोल प्लाजा से निकले और टोल बैरियर को क्षतिग्रस्त कर दिया।
टोल कर्मियों का आरोप है कि कुछ वाहन बिना टोल दिए आगे निकल गए। इस दौरान वाहन सवार लोगों ने टोल कर्मियों के साथ गाली-गलौज की और उन्हें वाहन से कुचलने की कोशिश भी की।
Byte : श्याम जीत, एसीपी,
घटना के बाद टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर जय प्रकाश यादव की तहरीर पर 9 अगस्त को नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर करीब 28 वाहनों को चिन्हित किया था। अब पुलिस इन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक अब तक जिन छह वाहनों को जब्त किया गया है, उनमें महिंद्रा थार नंबर UP 70 GW 2525, मारुति स्विफ्ट UP 70 ER 5467, स्कॉर्पियो UP 70 HB 1786, क्रेटा UP 70 HP 8416, फ्रॉन्क्स UP 70 HX 3080 और स्कॉर्पियो UP 70 HL 7135 शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। चिन्हित किए गए बाकी वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।






