*कौशाम्बी* कड़ा विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय मोचारा खास में सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी नीरज उमराव ने औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने पठन-पाठन, मध्यान्ह भोजन, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा छात्र संख्या बढ़ाने और निपुण भारत मिशन के तहत शासन की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीईओ ने रसोईघर पहुंचकर रसोइयों से बातचीत की और बच्चों को समय पर पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर उन्होंने बच्चों से पाठ्यक्रम से जुड़े प्रश्न पूछे और स्वयं उन्हें पढ़ाया। साथ ही विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन और स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि मेहनत और लगन से पढ़ाई करने वाले बच्चे भविष्य में शिक्षक, आईएएस, आईपीएस, इंजीनियर और वैज्ञानिक बनकर अपने परिवार, विद्यालय और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उनके प्रेरक संबोधन से छात्र-छात्राओं में उत्साह देखने को मिला।निरीक्षण के अंत में बीईओ नीरज उमराव ने शिक्षकों को छात्र संख्या बढ़ाने, निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा शासन की सभी गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








