तीन दिवसीय सदगुरु अंतर्राज्यीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

मध्यप्रदेश एवं उत्तर प्रदेश की 30 से अधिक टीमें कर रही प्रतिस्पर्धा
चित्रकूट,
परम पूज्य संत श्री रणछोड़दास जी महाराज के पावन कर कमलों से चित्रकूट के जानकीकुंड में संचालित संस्थान श्री सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट एवं सदगुरु मित्र मण्डल के संयुक्त तत्त्वावधान में आयोजित सदगुरु अंतर्राज्यीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 का भव्य शुभारंभ आज गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस अंतर्राज्यीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश की लगभग 30 टीमें भाग ले रही हैं। यह टूर्नामेंट 22 से 24 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि माननीय श्री पुलकित गर्ग, आईएएस, जिलाधिकारी चित्रकूट रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अनुराग सोनकर, जिला खेल अधिकारी कर्वी की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. ईलेश जैन, ट्रस्टी, श्री सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट ने की । समारोह में ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी, रेफरी, खेल प्रेमी, युवा वर्ग एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे ।
समारोह स्वागतीय उद्बोधन देते हुए शिक्षा समिति अध्यक्षा श्रीमती उषा जैन ने कहा कि सदगुरु वॉलीबॉल टूर्नामेंट की परंपरा लगभग 29 वर्षों से अधिक पुरानी है, जो खेल, सेवा और संस्कारों के प्रति ट्रस्ट की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को नशा, नकारात्मकता और भटकाव से दूर रखते हुए राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करते हैं।
ट्रस्टी डॉ. इलेश कुमार जैन ने कहा कि वॉलीबॉल जैसे खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि श्री पुलकित गर्ग ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।
आयोजन के दौरान सभी टीमों के खिलाड़ियों, कोचों, कप्तानों एवं रेफरीगण का स्वागत किया गया। वक्ताओं ने निष्पक्ष खेल, अनुशासन और खेल भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन सच्ची विजय खेल भावना और आत्मसंयम में निहित होती है।
तीन दिवसीय यह टूर्नामेंट रोमांचक मुकाबलों, अनुशासित खेल और खेल प्रेमियों के उत्साह से सराबोर रहने की उम्मीद है। स्थानीय नागरिकों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा गया । समारोह में मुख्य रेफरी एवं प्राचार्य डॉ.तुषारकांत शास्त्री, शंकर दयाल पाण्डेय, सुरेन्द्र तिवारी,राकेश तिवारी, दीपन वाणी,मंजुला वाणी, फ़िरोज़ खान, सचिव आर. बी. सिंह चौहान, उपाध्यक्ष अनुभा अग्रवाल, अंजलि भटनागर सहित समस्त शैक्षणिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिका विद्यार्थी आदि उपस्थित रहे | अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए टूर्नामेंट की सफलता की कामना की ।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें