कौशाम्बी–
नारायण स्वरूप हॉस्पिटल एवं नारायण स्वरूप इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस के संयुक्त तत्वावधान में काजीपुर तेरामील स्थित परिसर में रविवार को निशुल्क स्त्री रोग परामर्श एवं स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 150 से अधिक महिलाओं ने निशुल्क परामर्श, जांच एवं दवाओं की सुविधा का लाभ उठाया।
शिविर का नेतृत्व डॉ. सोनिया सिंह (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) ने किया। इस दौरान डॉ. वंदिता ठाकुर एवं डॉ. शेफाली (एडवांस लैप्रोस्कोपिक सर्जन) ने भी अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं। जांच के दौरान 12 महिलाओं में बच्चेदानी (यूट्रस) का ट्यूमर पाए जाने पर उन्हें आधुनिक लैप्रोस्कोपिक विधि से ऑपरेशन की सलाह दी गई, जबकि 15 मरीज पाइल्स/बवासीर से पीड़ित पाए गए, जिनके लिए लेजर उपचार की अनुशंसा की गई।
चिकित्सकों ने महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करते हुए बताया कि स्वच्छता, संतुलित आहार, शुद्ध पेयजल, नियमित दिनचर्या एवं पर्याप्त नींद से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
शिविर के माध्यम से आयुष्मान भारत योजना का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। पात्र मरीजों को आयुष्मान कार्ड के तहत निशुल्क एवं कैशलेस इलाज की सुविधा की जानकारी दी गई। कई मरीजों को पूर्व में इस योजना का लाभ मिल चुका है।
इस अवसर पर डॉ. सोनिया सिंह ने कहा कि “नारायण स्वरूप हॉस्पिटल का उद्देश्य केवल इलाज नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है।”
शिविर का सफल संचालन अस्पताल मैनेजर श्री एस.बी. राय के नेतृत्व में किया गया। अस्पताल प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।








