
मुंबई. ‘जय श्री राम, जय श्री राम…’ के साथ खूब जोर-शोर से ‘आदिपुरुष’ (Adipurush) को दर्शकों के सामने लेकर आया गया था. लेकिन फिल्म ऐसी विवादों में फंसी की हर कोई इसकी कमियां गिना रहा है. निर्देशक ओम राउत (Om Raut) और राइटर मनोज मुंतशिर लगातार सफाई दे रहे हैं. फिल्म विवादो में घिर चुकी है और नेगेटिव रीव्यू सामने आ रहे हैं. फिल्म की नकारात्मक आलोचनाओं का यदि सबसे ज्यादा प्रभाव किसी पर पड़ रहा है तो वह है ‘ब्रैंड प्रभास’. ‘बाहुबली’ के बाद ब्लॉकबस्टर की उम्मीद लगाए बैठे प्रभास को तगड़ा झटका लगा है और उनके अपकमिंग प्रोजेक्ट्स को रीव्यू करने की बातें होने लगी हैं.
साउथ इंडस्ट्री में प्रभास बड़ा नाम हैं और उनके नाम से फिल्में चलती हैं. लेकिन उनकी बदकिस्मती कही जाएगी कि लाख कोशिशों के बाद भी वे पिछले कुछ समय से ऐसी ब्लॉकबस्टर नहीं दे सके हैं जो उनकी ‘ब्रैंड वैल्यू’ में इजाफा करे. विवादों में घिरी ‘आदिपुरुष’ भले ही इस वीक कमाई कर ले लेकिन यह माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इसका कलेक्शन गिरेगा. साथ ही ‘प्रभु राम’ का किरदार निभाने के बावजूद प्रभास को पॉजिटिव रिस्पॉन्स नहीं मिल रहा है, जो उनकी इमेज के लिए खतरा बनता जा रहा है.
‘प्रोजेक्ट के’ और ‘सालार’ पर लटकी तलवार
प्रभास की ‘आदिपुरुष’ का हश्र देखते हुए सबसे ज्यादा चिंता ‘सालार’ और ‘प्रोजेक्ट के’ के मेकर्स को सताने लगी है. दोनों फिल्मों को मिलाकर 700 करोड़ से ज्यादा का दांव प्रभास पर लगा हुआ है. ऐसे में यह अब जरूरी सा हो गया है कि ये दोनों फिल्में बड़े पर्दे पर कमाल करें. ऐसे में ‘सालार’ के निर्देशक प्रशांत नील और ‘प्रोजेक्ट के’ के डायरेक्टर नाग अश्विन के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी आ गई है. दोनों ही प्रोजेक्ट पर नए सिरे से रीव्यू करने की जरूरत आन पड़ी है ताकि प्रभास की ब्रैंड वैल्यू को बरकरार रखा जा सके.
अच्छा कंटेंट कर रहे हैं मिस
बता दें कि एसएस राजामौली की फिल्म ‘बाहुबली’ के दोनों ही पार्ट ब्लॉकबस्टर साबित हुए थे, जिसने प्रभास की एक अलग इमेज बना दी थी. लेकिन इसके बाद आई उनकी दोनों फिल्में ‘साहो’ और ‘राधे श्याम’ कुछ खास बिजनेस नहीं कर सकीं. अब ‘आदिपुरुष’ भी उसी दिशा में जा रही है, जिससे सीधे तौर पर प्रभास के कॅरियर पर आंच आते दिख रही है. कहा जा रहा है कि प्रभास अच्छा कंटेंट सलेक्ट करने में चूक रहे हैं और यही उनके लिए परेशानी बन रहा है.
.
Tags: Prabhas, South cinema, Ss rajamouli
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 10:33 IST






