
लखेश्वर यादव/जांजगीर चाम्पा. जिले में कलेक्टर के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल टीम ने जिले के बलौदा तहसील में पहरिया ,बलौदा , पंतोरा, केराकछार, देवरी अंतर्गत खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की सघन जांच की. जिसमे खनिज रेत, गिट्टी , मिट्टी ईंट के कुल 12 वाहनों पर कार्रवाई की गयी है. जिसमे से 4 ट्रेलर वाहन, 1 ट्रैक्टर खनिज गिट्टी के 1हाइवा वाहन और 4 ट्रेक्टर वाहन खनिज रेत के जब्त कर बलोदा थाना मे सुरक्षार्थ खड़ा किया गया है. पंतोरा थाना अंतर्गत 1 ट्रेक्टर वाहन खनिज मिट्टी ईंट को जब्त किया गया है. जिसे सुरक्षार्थ पंतोरा थाना में खड़ा किया गया है.
केराकछार रेत खदान को भी अनियमितता के सम्बन्ध में नोटिस जारी किया गया है. देवरी मे अवैध रूप से संचालित रेत घाट में 1 चैन माउंटेन मशीन को भी सील किया गया है. सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज अधिनियम (विकास एवं विनियमन) एवं छत्तीसगढ गौण खनिज नियम 2015 के तहत कार्रवाई की गई है.
अवैध खनन पर जारी रहेगी कार्रवाई
जिले के खनिज निरीक्षक आदित्य मानकर ने बताया कि बलौदा तहसील में लगातार अवैध उत्खनन और परिवहन के संबंध में शिकायत मिल रही थी. जिस पर पहरिया ,बलौदा, पंतोरा, केराकछार, देवरी अंतर्गत खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई. जिसमे कुल 12 वाहनों पर कार्यवाही की गयी है. इसमें 1 चैन माउंटेन मशीन समेत 4 ट्रेलर 1 हाइवा और 6 ट्रेक्टर जब्त किया गया है. सभी वाहनों को बलोदा एवं पंतोरा थाना मे सुरक्षार्थ खड़ा किया गया है. ये कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी.
.
Tags: Chhattisgarh news, Local18
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 12:54 IST






