
अश्वनी कुमार/झांसी. उत्तर प्रदेश की झांसी में ऐलान कर की गई हत्या से हड़कंप मचा हुआ है. जिस व्यक्ति की हत्या हुई उसके एक रिश्तेदार की बेटी के पास हत्यारोपी ने शुक्रवार देर रात फोन किया. फोन पर हत्यारोपी ने धमकी देते हुए कहा कि तुम्हारा रिश्तेदार शनिवार का सूरज देख नहीं पाएगा और जैसे ही शनिवार की सुबह हुई, रिश्तेदार की हत्या हो गई. शनिवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि झाड़ियों के पीछे एक रक्तरंजित शव पड़ा है. इसके बाद पुलिस की पड़ताल में चौंकाने वाला खुलासा हुआ.
बताते चलें कि मृतक की पहचान सुशांत के रूप में की गई जो सिपरी बाजार थाना क्षेत्र के मसीहागंज पुलिस चौकी क्षेत्र का रहने वाला था. मृतक के परिजनों को पुलिस ने जानकारी दी. मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस के सामने चौंकाने वाला खुलासा किया. मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि सुशांत की हत्या करने वाला अमित उर्फ मार्शल है. उसने शुक्रवार की रात उनके घर की बेटी को फोन पर धमकी दी थी कि तुम्हारा रिश्तेदार शनिवार का उगता सूरज नहीं देख पाएगा.
दुश्मनी की वजह
इस बाबत सूत्र बता रहे हैं कि सुशांत, प्रिंस और अमित उर्फ मार्शल के बीच गहरी दोस्ती थी. गुरुवार की रात सुशांत ने अपने एक दोस्त को 40 रुपए देते हुए कहा कि वह अकेले जाकर शराब पी ले और अमित को शराब न पिलाए. इस बात को लेकर सुशांत और अमित के बीच मामूली कहासुनी हुई. इसके बाद सुशांत ने अमित और मार्शल को शुक्रवार रात फोन पर भद्दी-भद्दी गालियां दीं. तब अमित उर्फ मार्शल ने सुशांत को धमकी देते हुए कहा कि आज तो तुमने मुझे गालियां दीं, कोई बात नहीं शनिवार की सुबह तुम नहीं देख पाओगे और हुआ भी ऐसा ही. शनिवार की सुबह जैसे ही सुशांत अमित के पास पहुंचा. सुशांत ने अमित को गालियां देनी शुरू की, इससे गुस्साए अमित उर्फ मार्शल ने चाकू मारकर सुशांत की हत्या कर दी.
कातिल की तलाश में झांसी पुलिस
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि अमित उर्फ मार्शल नाम के एक व्यक्ति पर मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. हत्या करने की पीछे की प्रारंभिक वजह शराब पीकर आपस में झगड़ा होना बताया जा रहा है. फिलहाल इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है. हत्यारोपी अमित उर्फ मार्शल की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगा दी गई हैं. हत्यारोपी गिरफ्तारी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा कि हत्या के पीछे की वजह क्या रही.
.
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 10:33 IST









