
आशीष शर्मा/यमुनानगर: आज यहां एक ऐसे शख्स के बारे में हम आपको बताते हैं, जिसने दसवीं के बाद मजबूरी में दिल्ली की सड़कों पर रिक्शा चलाया और फुटपाथ पर अनगिनत रातें गुजारीं. जेब में केवल 70 रुपये थे और सड़क दुर्घटना में गंभीर चोट लगने के बाद उसे वापस गांव लौटना पड़ा. पिता किसान थे, खेती के नाम पर मुट्ठी भर जमीन थी जिससे घर का गुजर-बसर होना भी मुश्किल था.
हालात का मारा यह किसान पूरी तरह से बेरोजगार हो चुका था, लेकिन मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा बरकरार था. फिर सूझबूझ और कड़ी मेहनत के दम पर इस किसान ने पारंपरिक खेती को छोड़ जड़ी बूटियों की खेती पर फोकस किया. इससे भी कुछ खास फर्क नहीं पड़ा तो टेक्निकल खेती करने की ठान ली. खुद से एक ऐसी मल्टीपरपज फूड प्रोसेसिंग मशीन बना डाली, जिसने इस किसान जिंदगी का कायाकल्प कर दिया.
आज इस किसान की गिनती बड़े उद्यमियों में होती है और इनकी वजह से ग्रामीण क्षेत्र के कई घरों को भी रोजगार मिला है. हम बात कर रहे हैं यमुनानगर के प्रगतिशील किसान धर्मबीर कंबोज की, जिन्होंने जड़ी बूटियों की खेती पर फोकस किया और उन्हें प्रोसेस करके मार्केट में उतारा. इनके द्वारा बनाई गई मल्टीपरपज फूड प्रोसेसिंग मशीन में जड़ी-बूटियों और फूलों का अर्क निकाला जा सकता है.
आपके शहर से (यमुनानगर)
दुनिया भर में एक्सपोर्ट हो रहे प्रोडक्ट
यही नहीं, इस मशीन की मदद से आज विभिन्न किस्म की वनस्पति का इस्तेमाल कर स्किन तेल, शैंपू, साबुन, हेयर ऑयल, नेचुरल परफ्यूम, हैंड वॉश, गुलाब जल, जैम, टमाटर केचप, हल्दी का पेस्ट, एलोवेरा, जामुन, पपीता के जूस जैसे 100 से भी अधिक प्रोडक्ट बनाए जा रहे हैं. किसान धर्मवीर द्वारा बनाए गए प्रोडक्ट दुनिया के कई देशों में एक्सपोर्ट भी किए जा रहे हैं. यही नहीं इस होनहार किसान की वजह से आज हजारों लोगों को रोजगार भी मिल रहा है.
सिर्फ दसवीं पास हैं धर्मबीर
किसान धर्मबीर कंबोज की इसी सूझबूझ के चलते देश के तत्कालीन राष्ट्रपति द्वारा उन्हें 20 दिनों तक राष्ट्रपति भवन में विशेष मेहमान बनाकर रहने का सम्मान भी दिया जा चुका है. किसान धर्मबीर की शैक्षणिक योग्यता केवल दसवीं है, मगर आज उनके पास देश क्या विदेशों से भी विशेष डेलीगेट्स आते हैं, जो उनसे खेती करने के टिप्स लेते हैं और उनकी मशीन भी खरीदते हैं.
राष्ट्रपति कर चुके तारीफ
आज आलम ये है कि जिस किसान को उसके गांव वाले पागल कहते थे, उसका आज विश्व स्तर पर बिजनेस है. धर्मबीर के इस बुलंद हौसले की तारीफ करने वालों में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, प्रतिभा पाटिल और प्रणब मुखर्जी जैसे बड़े और महान नाम भी शामिल हैं.
.
Tags: Haryana Farmers, Haryana news, Money18, Success Story, Yamunanagar News
FIRST PUBLISHED : May 28, 2023, 14:33 IST









