
गुलशन सिंह/बक्सर. महाराष्ट्र के कोल्हापुर में तीन दिवसीय कैडेट और जूनियर नेशनल कुराश चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था. जिसमें हिस्सा लेने के लिए बक्सर से भी 5 खिलाड़ी गए हुए थे. इस प्रतियोगिता में सत्यम कुमार चौबे ने रजत पदक जीत कर जिले का नाम रोशन किया है. सत्यम ने बताया कि यह प्रतियोगिता कुराश एसोशिएशन ऑफ महाराष्ट्र के द्वारा कोल्हापुर के आदर्श विद्या निकेतन में 19 मई से 21मई तक आयोजित की गई थी.
इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बिहार से कुल 15 खिलाड़ी महाराष्ट्र गए थे. जिनमें बक्सर जिले से कुल पांच शामिल रहे. उन्होंने बताया कि कुराश नेशनल चैंपियनशिप के लिए यहां से सभी खिलाड़ी 17 मई को ट्रेन पकड़ कर गए थे, जबकि प्रतियोगिता सम्पन्न होने के बाद वापस बक्सर लौटे हैं.
बक्सर के सत्यम में कुराश चैपियनशिप में जीता रजत पदक
सत्यम कुमार चौबे ने बताया कि अंडर-55 किलोग्राम भार में खेला था, जिसमें रजत पदक और प्रशस्ति पत्र प्राप्त हुआ है. सत्यम ने बताया कि उसका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व कर मेडल जीतना है.
वहीं सत्यम की जीत से बक्सर डिस्ट्रिक्ट जुडो एशोसिएशन के लोगों में खुशी की लहर व्याप्त है. कोच आलोक कुमार ने बताया कि क्लब के खिलाड़ी हमेशा स्टेट अथवा नेशनल में मेडल जीत कर जिले का परचम लहरा रहे हैं. आलोक ने बताया कि शहर में दो जगह पर क्लब चलता है. जिसमें धोबीघाट श्रीराम जानकी आश्रम शामिल है. जहां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाता है.
खिलाड़ियों को श्रीराम जानकी आश्रम का मिल रहा है सहयोग
कोच आलोक कुमार ने बताया कि श्रीराम जानकी आश्रम में सुबह-शाम खिलाड़ियों को जुडो, ताइक्वांडो तथा कुराश का प्रशिक्षण दिया जाता है. इसमें श्रीराम जानकी आश्रम के महंत श्री राजाराम दास जी तथा आश्रम के प्रबंधक सरोज कुमार झा का विशेष सहयोग मिलता है. खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए आश्रम की ओर से फ्री में ट्रेनिंग सेंटर के लिए जगह मुहैया कराया गया है.
साथ हीं खिलाड़ियों के लिए मैट, पेयजल सहित कई सुविधाएं भी आश्रम से मिला हुआ है. आलोक ने बताया कि एक बार फिर हमारे क्लब से खिलाड़ी राजधानी पटना में आयोजित जुडो स्टेट चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए जा रहे हैं. उम्मीद है कि कई खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में मेडल जीत कर लाएंगे.
.
FIRST PUBLISHED : May 27, 2023, 19:51 IST









