
हाइलाइट्स
लगभग बैरागी से रहने वाले कानुगोलू कांग्रेस की सबसे प्रभावशाली शख्सियत बन उभरे हैं.
आने वाले वक्त में बड़ी भूमिका निभाने के लिए उन्हें यह चुनाव हर हाल में जीतना था.
वह 2014 लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अहम रणीनीतिकारों में से एक थे.
बेंगलुरु: दो महीने पहले की बात है, कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस के टिकट के दर्जनों उम्मीदवार बेंगलुरु के प्रसिद्ध 150 साल पुराने ताज वेस्ट एंड होटल में इंतजार कर रहे थे. ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला यहीं रुके हुए थे. तभी वहां चश्मा पहने, बिखरे बाल और दाढ़ी वाले लगभग 40 साल के एक शख्स ने प्रवेश किया. अपनी बांहों को ऊपर चढ़ाए हुए अपनी पुरानी कार से उतरे ये शख्स लॉबी में इंतजार कर रहे लोगों का ध्यान आकर्षित किए बगैर सुरजेवाला से मिलने चले गए. यह थे कांग्रेस के मुख्य चुनाव रणनीतिकार सुनील कानुगोलू जो सभी की किस्मत का फैसला करने वाले थे.
यही उनकी शैली है. कोई हवाबाजी नहीं, कोई मीडिया नहीं, ना तस्वीर, ना बड़ी बातें, ना ही कोई पिछलग्गुओं का जमावड़ा. लगभग बैरागी से रहने वाले कानुगोलू कांग्रेस की सबसे प्रभावशाली शख्सियत बन कर उभरे हैं. जो चुनावी मामलों में सीधे एआईसीसी महासचिव राहुल गांधी को सलाह देते हैं. जब कांग्रेस ने कर्नाटक के रूप में अपनी अहम जीत दर्ज की तब भी लेशमात्र अंहकार के बगैर, अपनी भावनाओं को काबू में रखते हुए उन्होंने बधाई संदेश प्राप्त किया और विनम्रता के साथ कहा, ‘ धन्यवाद.’
यह उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा. उन्होंने पिछले साल भाजपा से कांग्रेस का रुख किया और नई दिल्ली में भगवा पार्टी के नेतृत्व को चौंका दिया. वह कांग्रेस में बतौर रणनीति विभाग प्रमुख नियुक्त हुए और अपने गृह राज्य कर्नाटक से काम की शुरुआत की. अपने विरोधियों का मुंह बंद करने और आने वाले वक्त में बड़ी भूमिका निभाने के लिए उन्हें यह चुनाव हर हाल में जीतना था.
भारत जोड़ो से लेकर डीके शिवकुमार-सिद्धारमैया एकता तक
जब कानुगोलू कांग्रेस में शामिल हुए तब चुनाव की तैयारी अपनी शुरुआती दौर में थी. लेकिन वह पूरी तरह से दिशाहीन थी. वजह थी पार्टी में चल रहा भीतरी कलेश. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का पूरा समर्थन हासिल करके उन्होंने चुनाव का कार्यभार अपने कंधों पर लिया और चुनाव विशेषज्ञों की एक टीम तैयार की ताकि कर्नाटक से भाजपा को उखाड़ा जा सके.
ऐसे वक्त में बुरी तरह से चिंतित मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई जो निजी तौर पर कानुगोलू के ऋणी रहे हैं, उन्होंने कानुगोलु को भाजपा में वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास किया. लेकिन उन्होंने बोम्मई के अनुरोध को नहीं माना और यह साफ कर दिया कि वह कांग्रेस की विचारधारा के साथ हैं. उन्हें राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा का श्रेय भी जाता है. यही नहीं उनकी ही वजह से कर्नाटक कांग्रेस के दो बड़े और अलग गुटों के नेता सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार साथ आए.
रोजाना 20 घंटे, हफ्ते में 7 दिन काम किया
उनके मुताबिक, भाजपा को हराने के लिए उन्होंने सातों दिनों 20 घंटे रोजाना काम किया. इसमें उनकी वैरागी फितरत ने उनकी बहुत मदद की. क्योंकि वह किसी भी तरह से सार्वजनिक रूप से सुनने या दिखने के लालच से बचे रहे. वह कहते हैं, ‘इससे मुझे हमेशा मदद मिली है. मेरा तरीका साधारण है. हमें जीतना है. मुझे किसी तरह के प्रचार या प्रशंसा की जरूरत नहीं है. जो मेरे लिए मायने रखते हैं वह मुझे जानते हैं, बाकी लोगों क्या सोचते हैं मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता.’ वह ऐसे आदमी हैं जो अपने सिद्धांतों और ईमानदारी के लिए जाने जाते हैं, वह किसी भी स्थिति का सामना कर सकते हैं और अपने निष्पक्ष रवैये के लिए जाने जाते हैं.
इस शानदार जीत के साथ कानुगोलू का कद पार्टी में और ऊपर हो गया है. तेलंगाना, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान विधानसभा चुनाव जो इस साल सर्दी में होने वाले हैं, उसमें वह बड़ी भूमिका निभा सकते हैं. यदि वह इनमें से कुछ में भी सफलता हासिल कर पाए तो मोदी केंद्रित भाजपा का सामना करने के लिए लोकसभा चुनाव में वह मजबूत रणनीति के साथ मैदान में उतरेंगे.
बेल्लारी के निवासी
कानुगोलू कर्नाटक में बेल्लारी के रहने वाले हैं. वह यहां के एक नामी परिवार से ताल्लुक रखते हैं. चेन्नई में पले बढ़े कानुगोलू ने अमेरिका से उच्च शिक्षा हासिल की और वैश्विक प्रबंधन कनसल्टिंग फर्म मैकिन्से के साथ जुड़ गए थे. भारत में वापसी के बाद, वह गुजरात में राजनीतिक रणनीतिकार के तौर पर काम करने लगे और एसोसियेशन ऑफ बिलियन माइंड्स (एबीएम) का नेतृत्व करने लगे. वह 2014 लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अहम रणीनीतिकारों में से एक थे. कानुगोलु ने 2017 में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव जिसमें भाजपा को भारी बहुमत हासिल हुआ था उसे भी संभाला था.
इसके बाद वह 2019 में एमके स्टालिन के साथ जुड़े और ‘नामाक्कु नामे’ (हम हैं खुद के लिए) नाम के अभियान की देखरेख की. डीएमके नेतृत्व वाले गठबंधन ने उस चुनाव में 39 संसद सीटों में से 38 पर जीत हासिल की थी. जब आईपीएसी के प्रशांत किशोर अभियान की रणनीति तैयार करने के लिए डीएमके में आए तो उन्होंने स्टालिन का कैंप छोड़ दिया और वह बेंगलुरु आ गए.
न्यूज 18 से बातचीत में कानुगोलू ने बताया कि वह लगातार चलने वाले चुनावों की रणनीति तैयार करने से कुछ वक्त के लिए आराम चाहते थे. लेकिन तत्कालीन तमिलनाडु सीएम के पलानीस्वामी ने उन्हें चुनाव और सरकारी नीतियों पर सलाह देने के लिए राजी किया. उनके काम की बदौलत पलानीस्वामी ने 2021 में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 75 सीटें हासिल कीं.
सीढ़ी दर सीढ़ी ऊपर चढ़ते हुए
कानुगोलू अंतर्मुखी हैं, जो सुनते ज्यादा हैं और बोलते कम हैं. वह योजना बनाने के मामले में बहुत माहिर हैं और जब काम करते हैं तो किसी को नहीं बख्शते हैं. पिछले साल एक नामी अंग्रेजी अखबार ने उनकी जगह उनके भाई की तस्वीर यह सोच कर छाप दी थी कि यही कानुगोलू हैं. वह एक संस्कारी व्यक्तित्व रखते हैं जो रिश्तों को लंबे वक्त तक निभाने पर यकीन रखते हैं. साथ ही अगर दोस्त को जरूरत है तो किसी भी हद तक जा सकते हैं. खाने के शौकीन कानुगोलू के लिए उनके करीबी दोस्त मजाक में उन्हें ‘मांस खाने वाला भुक्कड़’ बुलाते हैं. कानुगोलू उनके साथ बगैर किसी चिंता के साथ शाम बिताना पसंद करते हैं. वह किसी के लिए राजनीतिक कपट और पैरवी करने से भी खुद को दूर रखते हैं. वह एक ऐसे शख्स हैं जो उस समुद्र की तरह हैं जिसमें अनुभव, ज्ञान और उपलब्धियों की गहराई है, लेकिन ऊपर से वह उतने ही शांत हैं. महज 10 सालों में कानुगोलू ने इतना लंबा सफर तय किया है.
चुनाव के दौरान सबसे आम क कारक का जिक्र कित्तूर और कल्याण के रूप में कर्नाटक में किया गया था. हालांकि कम चर्चित कानुगोलू वह हैं जिन्होंने बेंगलुरु में विधान सौध को फिर से हासिल करने में कांग्रेस की मदद की है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: BJP, Congress, Karnataka assembly election, Karnataka Assembly Election 2023, Karnataka Election Result
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 16:54 IST








