
परीक्षा ठाकुर/रोहतक. भाजपा के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने जंतर-मंतर पर पहलवानों के धरने को कांग्रेस प्रायोजित बताया और कहा कि जवान और पहलवान राष्ट्र की धरोहर होते हैं, उन्हें पार्टी बाजी से दूर रहना चाहिए. जांगड़ा ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा इसके पीछे हैं और भाजपा को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है. वे रोहतक में भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह ढाका के पद ग्रहण समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे.इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा.
इस समारोह में सांसद अरविंद शर्मा भी मौजूद रहे. उन्होंने भी भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोग सरकार बनाने के दावे करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि 2024 में भी केंद्र और प्रदेश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की ही सरकार बनेगी. दोनों नेताओं ने दावा किया कि देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है और पूरे देश के लोग भाजपा के कार्यकाल से खुश हैं.
पहलवानों को दी नसीहत
राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने पहलवानों को भी नसीहत दी और कहा कि वे राजनीति का शिकार न हों, कांग्रेस पार्टी उनका इस्तेमाल कर रही है. पहलवान देश के लिए खेलते हैं, वे किसी राजनीतिक दल के नहीं होते, वे समूचे राष्ट्र की धरोहर होते हैं. इसलिए उन्हें धरना खत्म करके अपनी प्रैक्टिस पर ध्यान देना चाहिए.
कांग्रेस के कुशासन से सभी परिचित
समारोह में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ अरविंद शर्मा ने भी कहा कि वे कांग्रेस के कुशासन से परिचित हैं, इसलिए इस बार भी उनके झांसे में न आए.देश का विकास सिर्फ भाजपा ही कर सकती है. दोनों सांसदों ने भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका को शुभकामनाएं दी और कहा कि वे पार्टी को मजबूत करने में अपना अहम योगदान देंगे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 15:53 IST








