
हिमांशु अग्रवाल/छतरपुर: बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा बिहार के पटना में पांच दिवसीय हनुमत कथा का आयोजन किया जा रहा है. इस कथा से पहले धीरेंद्र शास्त्री ने एक वीडियो जारी किया है. वीडियो में उन्होंने अपने भक्त और बिहार के लोगों को सपरिवार हनुमत कथा में आने का न्योता दिया है.
वीडियो के माध्यम से उन्होंने बिहार की जनता को कहा कि वह हनुमत कथा के लिए बिहार आ रहे हैं. आप सभी इस आयोजन का हिस्सा बनिए और बजरंग बली का आशीर्वाद प्राप्त करिए. बता दें कि तरेतपाली नौबतपुर पटना बिहार में 13 से 17 मई तक शाम 4 बजे प्रतिदिन हनुमत कथा होनी है. हनुमंत कथा से पहले लगातार बिहार और पूरे देश में राजनीति गरमा गई थी.
मंत्री तेजप्रताप ने दिया था बयान
बिहार के मंत्री तेजप्रताप यादव ने पं. धीरेंद्र शास्त्री के बिहार आने का विरोध जताते हुए बयान भी दिया था. बयान में तेज प्रताप ने कहा कि अगर बागेश्वर बाबा हिंदू-मुसलमान भाई को लड़ाने के लिए आ रहे हैं तो मैं उनका विरोध करूंगा और एयरपोर्ट पर घेराव करेंगे. अगर भाईचारे का संदेश देंगे तो ही उनकी एंट्री बिहार में होगी. इसी बयान के बाद बिहार सहित पूरे देश में पं. धीरेंद्र शास्त्री को लेकर राजनीति गरमा गई थी. बिहार बीजेपी सहित तमाम नेता धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में उतर आए थे.
15 मई को दिव्य दरबार
अब पं. धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर बताया कि वह बिहार आ रहे हैं और कथा का आयोजन होगा. बता दें कि 13 से 17 मई तक हनुमत कथा रोजाना शाम 4 बजे से होगी और 14 मई को रात 9 बजे सीधी बात का कार्यक्रम भी रखा गया है. इसके साथ ही 15 मई को दिव्य दरबार लगेगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 14:22 IST








