
नई दिल्ली. भारतीय रेलवे लगातार नई वंदे भारत ट्रेनें पटरियों पर उतार रहा है. फिलहाल देश में 15 रूट्स पर यह प्रीमियम ट्रेन चलाई जा रही है. अब जल्द ही बिहार को भी अपने पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन की सौगात मिल जाएगी. हालांकि, बिहार को मिलने वाली यह ट्रेन दिल्ली या फिर कोलकाता को नहीं जोड़ेगी. दरअसल, बिहार से सबसे ज्यादा यात्री राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके बाद पश्चिम बंगाल की यात्रा करते हैं. लेकिन, दूरी अधिक होने की वजह से इस मार्ग पर यह ट्रेन नहीं चलाई जा रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक बिहार को मिलने जा रही पहली वंदेभारत ट्रेन एकीकृत बिहार के दो प्रमुख शहर रहे पटना और रांची को जोड़ेगी. कभी ये दोनों शहर बिहार की ‘राजधानियां’ हुआ करते थे. बिहार के बंटवारे और झारखंड राज्य बनने से पहले रांची बिहार की शीतकालीन राजधानी हुआ करती थी. मौजूदा समय देश के अलग-अलग हिस्सों में 15 वंदेभारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है. पूर्वोत्तर समेत कुछ और राज्यों को छोड़कर लगभग सभी राज्यों में वंदेभारत ट्रेन चल रही है. इनमें ओडिशा, झारखंड, बिहार और उत्तराखंड शामिल हैं, जहां पर वंदेभारत का संचालन शुरू नहीं हो पाया है. रेलवे मंत्रालय जिन राज्यों में अभी तक वंदेभारत ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है, उनमें प्रथमिकता पर ट्रेन चला रहा है. इस तरह रांची-पटना वंदेभारत ट्रेन जल्द चलाए जाने की तैयारी है.
आधे से कम किराये में ‘राजधानी’ का सफर, वंदेभारत जैसी स्पीड, बिजनेस नहीं सेवा करती है रेलवे
जन शताब्दी की तुलना में बचेगा इसता समय
मौजूदा समय में रांची और पटना के बीच कुल छह ट्रेनों का संचालन हो रहा है. इसमें चार रोजाना हैं और दो ट्रेन साप्ताहिक हैं. रांची से पटना जाने के दो रूट हैं. एक रूट जमुई और मोकामा होकर है. इससे दूरी करीब 530 किमी की तय करनी पड़ती है. वहीं, दूसरा रूट हजारीबाग, गया होकर है. इससे 407 किमी. की दूरी तय करनी पड़ती है. जन शताब्दी ट्रेन रोजाना चलती हैं. जो रांची, मूरी जंक्शन, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा जंक्शन, नेताजी एससी बोस जंक्शन गोमोह, पारसनाथ, हजारीबाग, कोडरमा जंक्शन, गया जंक्शन, जहानाबाद, तारेंगा होकर पटना जंक्शन पहुंचती है. इसमें करीब आठ घंटे का समय लगता है. संभावना है कि वंदेभारत भी इसी रूट से चलेगी और जन शताब्दी की तुलना में एक से डेढ़ घंटे समय की बचत होगी.
इन रूट्स पर चल रही वंदेभारत
देश की पहली वंदे भारत ट्रेन सबसे नई दिल्ली से भगवान शिव की नगरी काशी के बीच चली. यह ट्रेन फरवरी 2019 में चलाई गयी है. वहीं, दूसरी ट्रेन को भी धार्मिक नगरी से जोड़ा गया और यह ट्रेन नई दिल्ली से श्री वैष्णो देवी कटरा के बीच चली. तीसरी गांधीनगर से मुंबई के बीच चलाई गयी, चौथी नई दिल्ली से अंब अंदौरा स्टेशन हिमाचल के बीच शुरू की गई. पांचवीं वंदेभारत को चेन्नई से मैसूर के बीच चलाया गया. छठीं वंदेभारत नागपुर से बिलासपुर के बीच चली.
इसी तरह सातवीं वंदेभारत ट्रेन हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी और आठवीं वंदेभारत सिकंदराबाद से विशाखपट्टनम के बीच शुरू की गई. वहीं, नौंवी मुंबई से सोलापुर और 10वीं मुंबई से शिरडी, 11वीं रानी कमलापति स्टेशन (भोपाल) से निजामुद्दीन, 12वीं, 13वीं सिकंदराबाद से तिरुपति व चेन्नई से कोयंबटूर, 14वीं दिल्ली से अजमेर के बीच और 15वीं तिरुअंतपुरम से कासरगोड के बीच चल रही है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Vande bharat train
FIRST PUBLISHED : May 10, 2023, 13:23 IST








