
हाइलाइट्स
आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद.
आज बंगाल की खाड़ी में मोचा के बहुत ही गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना.
आज अंडमान और निकोबार में भीषण बारिश की आशंका.
नई दिल्ली. थोड़े दिनों की बेमौसम बरसात से राहत रहने के बाद अब दिल्ली-NCR में गर्मी एक बार फिर से जोर पकड़ने लगी है. 12 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान (Maximum temperature) 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है. जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. आज दिल्ली-NCR में धूल भरी तेज हवाएं (Dust Storm) या आंधी (Thunderstorm) आने की उम्मीद है. आज बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘मोचा’ (Cyclone Mocha) जिसे ‘मोखा’ (Mokha) कहा जाता है, बंगाल की खाड़ी में उत्तर की ओर बढ़ रहा है. इसके उत्तर की ओर बढ़ने और मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 12 मई की सुबह तक एक बहुत ही गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है.
चक्रवात ‘मोचा’ के 14 मई की दोपहर के आसपास दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमार के तटों को पार करने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department-IMD) ने उम्मीद जताई है कि तट से टकराने के समय तूफान मोचा में हवा की रफ्तार 150-160 किमी. प्रति घंटे से 175 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है. मोचा के सिटवे (म्यांमार) के करीब क्यौकप्यू और कॉक्स बाजार (बांग्लादेश) के बीच तट से टकराने की उम्मीद है.
अंडमान और निकोबार में भीषण बारिश की आशंका
‘मोचा’ के कारण 12 मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश (Rainfall) होने की संभावना है. वहीं आज बंगाल की खाड़ी के पूर्व मध्य में 110-120 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने की उम्मीद है. आईएमडी के मुताबिक आज ओडिशा, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे में छिटपुट जगहों पर बिजली, तेज हवाओं (हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटे) और गरज के साथ बारिश हो सकती है.
हीटवेव
आईएमडी के मुताबिक आज बिहार, पश्चिम बंगाल, गुजरात, पश्चिम राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र में कई जगहों पर लू (Heatwave) चलने की संभावना है. आज पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, उत्तर आंतरिक ओडिशा, गुजरात और पश्चिम राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है. 12 मई को कोंकण, राजस्थान में 12 और 13 मई को और तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 13 से 15 मई के दौरान अलग-अलग इलाकों में लू चलने की संभावना है. आईएमडी ने आज लू को लेकर पश्चिम बंगाल और गुजरात में ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Cyclone, Weather news, Weather Report, Weather updates
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 07:00 IST








