
रांची. झारखंड के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है. अब इन्हें कैंसर के इलाज के लिए मुंबई, दिल्ली जैसे बड़े महानगरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. रांची के कांके के कदमा में रांची कैंसर हॉस्पिटल बनकर तैयार हो गया है. सीएम हेमंत सोरेन 12 मई को इसका उद्घाटन करेंगे.
रांची कैंसर हॉस्पिटल का शिलान्यास 10 अक्टूबर 2018 में हुआ था. करीब 3 साल में यह हॉस्पिटल संचालित होने के लिए तैयार हो चुका है. फिलहाल कैंसर के मरीजों के लिए सिर्फ ओपीडी चलाया जा रहा है. यहां ओपीडी के अलावा मरीजों को कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं दी जा रही है, पर उद्घाटन होने के बाद मरीजों को कई आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा.
302 बेड वाले कैंसर हॉस्पिटल में 50 फीसदी बेड झारखंड के लोगों के लिए आरक्षित होंगे. यह हॉस्पिटल पूरी तरह टीएमएच मुंबई के तर्ज पर काम करेगा. हॉस्पिटल का संचालन एसपीवी करेगा. एसवीपी में 6 सदस्य होंगे, जिनमें 3 सदस्य राज्य सरकार की ओर से स्वास्थ्य मंत्री, मुख्य सचिव और स्वास्थ सचिव व 3 सदस्य टाटा ट्रस्ट की ओर से दिए जाएंगे.
इस अस्पताल में 14 ऑपरेशन थिएटर और 28 बेड का आईसीयू है. बाहर से आए मरीज व जरूरतमंद लोगों के लिए यहां ठहरने की व्यवस्था की जाएगी. कहा जा रहा है कि यहां आश्रय घर व रैन बसेरा बनाए जाएंगे. यहां लोगों को बेहद सस्ते दरों में रहने के लिए रूम मिल सकता है.
स्वास्थ मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कैंसर हॉस्पिटल खुलने से झारखंड के लोगों को फायदा तो मिलेगा ही. साथ ही आसपास के राज्य के लोगों के लिए भी वरदान साबित होने वाला है. जब आसपास के लोग आएंगे तो मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा. आसपास कई मेडिकल शॉप व खाने-पीने की दुकानें भी खुलेंगी, जिससे रोजगार के अवसर भी लोगों को प्रदान होंगे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 12:03 IST









