
शिवहरि दीक्षित/हरदोई. शहर में जाम की समस्या खत्म नहीं हो रही है. आए दिन लगने वाले जाम से लोग त्रस्त हैं. यहां तक कि एम्बुलेंस भी इस जाम की चपेट में आ जाती है और घंटों तक जाम की जाम में फंसी रहती. जिसकी वजह से एम्बुलेंस में जा रहे मरीज को सही समय पर इलाज भी नहीं मिल पाता. लेकिन, प्रशासन के अधिकारी इसका उचित समाधान नहीं निकाल पा रहे हैं.
यूपी के हरदोई में अगर आप प्रवेश करते हैं तो यह जानना जरूरी है कि शहर के कुछ चौराहों पर इतना जाम लगता है कि आप इसमें घंटों तक फंसे रह सकते हैं. अगर आप शाहजहांपुर की तरफ से हरदोई आ रहे हैं तो यह जान लीजिए कि आपको पिहानी चुंगी पर जाम मिलना तय है. वहीं अगर आप लखनऊ से आते हैं तो लखनऊ चुंगी सिनेमा चौराहा सोल्जर बोर्ड चौराहे पर जाम लगता है. अगर कहीं सीतापुर से आते हैं तो जिंद पीर चौराहा पर जाम की जाम में फंसना तय हैं. नुमाइश चौराहा भी इससे अछूता नहीं है. यहां भी घंटो तक वाहनों के पहिये थमे रहते है.
जाम से मरीजों का बुरा हाल
शहर में जाम की स्थिति ऐसी है कि अगर कहीं एम्बुलेंस आ जाए तो यह समझिए कि उसको भी निकलने में घंटों लग जाते हैं. ऐसे में एम्बुलेंस के अंदर ले जाए जा रहे मरीज को सही समय पर अस्पताल भी नहीं पहुंचाया जा पा रहा. जिससे उन्हें सही समय पर इलाज न मिल पाने के कारण समस्याओं से जूझना पड़ रहा है.
जाम का कारण बनता अतिक्रमण व ई-रिक्शा
शहर में घंटों तक लगने वाले जाम का एक मुख्य कारण अतिक्रमण भी है. सड़कों पर अवैध अतिक्रमण व ई-रिक्शा द्वारा कहीं भी जमावड़ा लगा देना भी जाम का कारण बन रहा है. एक तो छोटी सड़कें ऊपर से अतिक्रमण भी जाम को बढ़ावा दे रहा है.
प्रशासन के पास नहीं है समस्या का हल
हरदोई शहर में जाम की वजह से लोगों को घंटों तक आगे बढ़ने का इंतजार करना पड़ता है. इसके लिए न ही जिला प्रशासन और न ही पुलिस प्रशासन के पास कोई हल नहीं है या यूं कहें कि वह शहरवासियों को जाम से निजात दिलाने में नाकाम साबित हो रहे हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Hardoi News, Uttar Pradesh News Hindi
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 13:36 IST









