
हाइलाइट्स
रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस के मई के आखिरी में शुरू होने की संभावना है.
लखनऊ और गोरखपुर के बीच भी जल्द वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ेगी.
पहली वंदे भारत ट्रेन दिल्ली से वाराणसी के बीच 15 फरवरी 2019 को चलाई गई थी.
Vande Bharat Train In UP and Jharkhand : उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के लोगों को वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है. हालांकि, उत्तर प्रदेश के लिए दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस होगी, जबकि झारखंड और बिहार को पहली बार सेमी हाई स्पीड ट्रेन मिलेगी. उत्तर प्रदेश में लखनऊ और गोरखपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ेगी. वहीं, दूसरी वंदे भारत को झारखंड में रांची से बिहार के पटना तक चलाए जाने की संभावना है.
झारखंड में पहली वंदे भारत एक्सप्रेस के 25 अप्रैल को लॉन्च होने की अटकलें लगाई जा रही थीं. हालांकि, कुछ तकनीकी चुनौतियों के कारण इसकी लॉन्चिंग टाल दी गई है. आइये जानते हैं उत्तर प्रदेश और झारखंड को मिलने जा रही नई वंदे भारत ट्रेन से जुड़ी अहम जानकारी.
यूपी में गोरखपुर से लखनऊ के बीच नई वंदे भारत
भारत सरकार देश में तेजी से यात्री सुविधाओं के लिए रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को और बेहतरीन करने की दिशा में काम कर रही है. सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस इसी दिशा में रखा गया एक अहम कदम है. खास बात है कि यात्रियों को इस प्रीमियम ट्रेन का सफर खूब भा रहा है. यही वजह है कि तेजी से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का विस्तार किया जा रहा है. इसी कड़ी में जल्द ही उत्तर प्रदेश को दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस मिलने जा रही है.
फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, रेलवे लखनऊ और गोरखपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने जा रहा है. उत्तर पूर्व रेलवे के लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने कहा, “गोरखपुर और लखनऊ के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव फिलहाल शुरुआती चरण में है और इस मामले पर काम जारी है.”
झारखंड को मई के आखिरी तक मिलेगी सौगात
उधर, झारखंड को पहली वंदे भारत ट्रेन की सौगात जल्द मिलने की संभावना है, जो रांची से पटना के बीच चलेगी. हालांकि, दक्षिण पूर्व रेलवे के सीपीआरओ आदित्य कुमार चौधरी ने कहा, “रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस का रूट अभी फाइनल नहीं हुआ है.” हालांकि, संभावना है कि ट्रेन गया के रास्ते रांची और पटना के बीच चलेगी.
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि झारखंड में पहली वंदे भारत एक्सप्रेस के मई के आखिरी तक शुरू होने की संभावना है. बता दें कि सबसे पहली वंदे भारत ट्रेन दिल्ली से वाराणसी के बीच 15 फरवरी 2019 को चलाई गई थी. इसके बाद यह यूपी को मिलने वाली दूसरी वंदे भारत ट्रेन होगी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Ashwini Vaishnaw, Indian railway, Irctc, Vande Bharat Trains
FIRST PUBLISHED : May 08, 2023, 18:20 IST









