
रिपोर्ट- श्रीनिवास चौधरी
बालाघाट. दहेज प्रथा समाज को जकड़े हुए है. लड़के वालों की मांग पर मांग कई बार लड़की वालों को बड़ी मुश्किल में डाल देती है. लेकिन बालाघाट के एक किसान ने अपने बेटे की शादी में दहेज ना लेकर मिसाल पेश की है. रिश्ते की पहली शर्त ही यही थी कि लड़की पक्ष कोई दान दहेज देने की जिद नहीं करेगा. इसके साथ ही कार्ड पर दहेज प्रथा के खिलाफ संदेश भी लिखवाया है.
बालाघाट जिले के कुम्हारी गांव में किसान चौबे लाल लिल्हारे के बेटे हंसराज की शादी सेल्वा गांव के स्व. प्रताप लाल डेहरी की बेटी रोशनी के साथ हुई है. दोनों सात फेरे लेकर विवाह के बंधन में बंध गए. इस शादी की खास बात ये है कि इसमें दूल्हा पक्ष ने किसी तरह का दान दहेज लिया ही नहीं. वहीं शगुन के नाम पर सिर्फ पांच बर्तन स्वीकार किए हैं. इतना ही नहीं बल्कि युवक ने अपनी शादी के कार्ड पर दहेज प्रथा के खिलाफ संदेश छपवाया था. यह शादी आसपास के इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
शादी से पहले रखी दहेज न लेने की शर्त
दूल्हे हंसराज लिल्हारे ने बताया कि वह आरओ रिपेयरिंग का काम करते हैं. जब मैं और मेरे पिता रिश्तेदारों के साथ लड़की के घर रिश्ते की बात करने गए थे. तब मैंने शर्त रखी थी कि शादी में किसी तरह का दहेज स्वीकार नहीं करूंगा. यदि यह शर्त मंजूर है तो रिश्ते की बात आगे बढ़ाएंगे. इस बात का समाज के कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन परिवार ने मेरा साथ दिया और कहा कि तेरा फैसला सही है. फिर समाज के लोगों को समझाया जिसके बाद सभी शादी के लिए मान गए.
आपके शहर से (बालाघाट)
शादी के कार्ड में ये लिखवाया
शादी के आमंत्रण कार्ड पर भी युवक ने दहेज प्रथा के खिलाफ संदेश दिया है. उन्होंने आमंत्रण कार्ड पर एक कदम दहेज प्रथा के खिलाफ शीर्षक देकर संदेश लिखवाया. इसमें लिखवाया कि आप सभी जानते हैं कि दहेज प्रथा समाज के लिए चिंता का विषय है. फिर भी इसका दानव स्वरूप निरंतर बढ़ता ही जा रहा है परिणाम स्वरूप आज भी लाखों परिवार इसके कारण तकलीफ से जूझ रहे हैं. अतः आप सभी इसका विरोध करें और दहेज प्रथा बंद करें. मैं इसका विरोध करता हूं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Ideal marriage, Madhya pradesh news, Positive News, Unique wedding
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 13:15 IST









