प्रयागराज : संगम नगरी प्रयागराज में सावन शुरू होने से पहले प्राचीन श्री मनकामेश्वर मंदिर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब गर्भगृह में प्रवेश कर पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं को भारतीय पारंपरिक वेशभूषा पहनना अनिवार्य होगा। आधुनिक परिधान पहनकर आने वालों को गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

मंदिर प्रशासन के नए निर्देशों के मुताबिक, जींस, टी-शर्ट, रिप्ड जींस, हाफ पैंट या अन्य आधुनिक परिधान पहनकर आने वाले श्रद्धालु गर्भगृह में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। यह व्यवस्था विशेष रूप से सावन के दौरान आने वाली भारी श्रद्धालु भीड़ को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है।
नए नियमों के अनुसार पुरुष श्रद्धालुओं को रुद्राभिषेक और विशेष पूजा के समय धोती-कुर्ता पहनना होगा, जबकि महिला श्रद्धालुओं को साड़ी या सलवार-सूट जैसे पारंपरिक भारतीय परिधान में ही पूजा-अर्चना करने की अनुमति मिलेगी।
मंदिर के महंत और प्रशासन का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य मंदिर की धार्मिक गरिमा, सनातन परंपराओं और भारतीय संस्कृति का संरक्षण करना है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मंदिर पहुंचने से पहले ड्रेस कोड का पालन करें, ताकि दर्शन और पूजा में किसी प्रकार की असुविधा न हो।









