*कौशांबी —
सरायअकिल पुलिस ने मुठभेड़ में गोवध के एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। तीन अन्य इनामी भी मुठभेड़ में ही पकड़े गए। जवाबी कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगने से जख्मी अरशद को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद पूछताछ कर सभी चारों का चालान कर दिया गया। गनीमत ये रही कि गोलीबारी में कोई भी जवान हताहत नहीं हुआ। जबकि, एक गोली इंस्पेक्टर शेर सिंह की कनपटी के बगल से ही निकली थी।
सरायअकिल के पनारा गोपालपुर गांव निवासी अरशद उर्फ छेद्दन के मकान से 24 जून को दो किलो गोमांस बरामद हुआ था। एक किलो खाने के लिए आरोपियों ने पका लिया था। जबकि, एक किलो वहीं कच्चा ही रखा था। मामले में कनैली चौकी प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर मुकदमा कायम हुआ था। आरोपी शमा परवीन पत्नी अरशद, शाइस्ता एवं फातिमा को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया गया था। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी। एसपी ने सभी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था। डीएसपी चायल शिवांक सिंह को सूचना मिली कि फरार आरोपी पुरखास गांव में आम की बाग में बैठकर एक गोवंश का वध करने की तैयारी कर रहे हैं। खबर मिलते ही उन्होंने सरायअकिल इंस्पेक्टर शेर सिंह को अलर्ट कर दिया। डीएसपी के आदेश पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। आत्मसुरक्षार्थ पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। इस दौरान पैर में गोली लगने से आरोपी अरशद जख्मी हो गया। पुलिस दल ने उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डीएसपी ने बताया कि अन्य अभियुक्त सुन्ने उर्फ इलियास निवासी खानपुर पठन पुरवा, यहीं के नफीस पुत्र जमील व फखरुल पुत्र नूरुल हुदा निवासी खोंपा भी पकड़े गए हैं। घटना में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश कराई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों पर पुलिस दल की हत्या की कोशिश का अभियोग भी पंजीकृत किया गया है।









