कौशांबी– चरवा थाना क्षेत्र के बेलहाई गांव में खेत में पानी लगाने गए एक किसान पर गांव के कुछ लोगों द्वारा लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगा है। घटना में किसान और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चायल में कराया जा रहा है। पीड़ित ने चरवा थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, गांव निवासी रामनारायण शुक्रवार सुबह अपने खेत में पानी लगाने गए थे। आरोप है कि पहले से मौजूद गांव के राजेश्याम, बृजभान, बच्चालाल, नितिन उर्फ निनेश, सचिन और छोटू ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से भी हमला किया, जिससे रामनारायण के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर गिर पड़े।
पीड़ित का आरोप है कि शोर सुनकर उनका बेटा अजीत व सचिन बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी, और अवैध तमंचे से फायरिंग भी की जिससे वह भी घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को चायल सीएचसी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया
पीड़ित ने शनिवार को चरवा थाना प्रभारी को तहरीर देकर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पूरे मामले में चरवा थाना प्रभारी महेश चंद्र का कहना है कि तहरीर मिली है जांच कराई जा रही है।









