
राहुल दवे/इंदौर: इंदौर में अब रीजनल फूड का ट्रेंड भी बढ़ गया है. चाट-चौपाटी के अलावा यहां आपको सिंधी, मराठी, कोलकाता, बिहार जैसे अलग-अलग इलाकों का स्वाद भी मिलने लगा है. इसके लिए अलग से आउटलेट्स शहर में खुल गए हैं, जो विशेष तौर पर वहां की डिश सर्व करते हैं. इससे अन्य जगहों से यहां आने वाले लोगों को अपने घर जैसे स्वाद से दूर नहीं रहना पड़ता है. उन्हें अपनी सिग्रेचर डिश भी उसी टेस्ट के साथ मिल जाती है, जो वह वहां खाते हैं.
ऐसा ही कुछ सिंधी फूड को बढ़ावा देने के लिए वायरल भाई-बहन की जोड़ी रोहित और सोनम पोपटानी भी कर रही है. सोनम बताती हैं कि रोहित ने साइंस से ग्रेजुएशन किया है और मैंने जर्नलिज्म में मास्टर. हम दोनों की जोड़ी शुरुआत से ही लाजवाब है. इसके चलते मन में था कि कुछ अपना स्टार्टअप शुरू करें, लेकिन उस समय इतने पैसे नहीं थे. इसके चलते हम दोनों ने कुछ समय तक नौकरी करने की ठानी. उसके बाद हमारे पास जैसे ही थोड़ा बहुत फंड आया तो हमने फूड कार्ट की शुरुआत की.
जीएसआईटीएस के पास सिंधी फूड लोटरी के नाम से सिंधी फूड सर्व करते हैं. जैसे ही यह बात हमारे जानने वालों को पता चली तो उन्होंने आलोचना शुरू कर दी. मम्मी पापा को अक्सर ताना मारा जाता कि दोनों भाई-बहन को इस दिन के लिए इतना पढ़ाया कि दोनों ठेला लगाएं. इन सब के बीच भी दोनों ने मुस्कुराते हुए मेहनत करना नहीं छोड़ा. कुछ ही दिन में सिंधी डोडा चटनी और कोको दही आम लोगों की पसंद बन गई.
10 तरह की सिंधी डिश
डोडा-चटनी का जादू लोगों की ज़ुबान पर ऐसा चढ़ा कि लोग चटनी के साथ उंगली तक चाटने लगे और वायरल भाई-बहन की फूड कार्ट अब फूड शॉप में तब्दील हो गई. चटोरों की जन्नत कहे जाने वाले 56 दुकान के नजदीक न्यू पलासिया सिंधी फूड लोटरी नाम से आउटलेट है. यहां करीब 10 तरह की सिंधी डिश बनाकर अब सर्व की जा रही है.
होम डिलीवरी भी
सोनम ने बताया कि सिंधी लोग कोकी काफी ज्यादा पसंद करते हैं. वह लोग अक्सर सुबह के नाश्ते और स्नेक्स में कोकी ही बनाते हैं, लेकिन बाहर गांव से इंदौर में पढ़ने आए बच्चे इसे बहुत मिस करते थे. जैसे ही उन्हें पता चला की इंदौर में भी डोडा मसाला और कोकी का घर जैसा स्वाद है तो वह हमारे यहां आने लगे. अगर आप भी सिंधी फूड के शौकीन हैं तो पहुंच जाइए न्यू पलासिया स्थित सिंधी फूड लोटरी पर. अगर आपको घर मंगाना है तो रोहित के नंबर 9131685724 पर कॉल कर ऑर्डर कर सकते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 27, 2023, 19:03 IST









