
नकुल कुमार/पूर्वी चम्पारण. 1 जून से सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टी हो रही है, जबकि निजी विद्यालयों की गर्मी छुट्टी का अलग-अलग डेट दिया जा रहा है. ऐसे में अगर आप अपने ही इलाके में बच्चों के साथ गर्मी की छुट्टी में मौज मस्ती करने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए ही है.
दरअसल, पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी स्थित राजेंद्र नगर भवन के मैदान में डिज्नीलैंड मेला लग गया है, जो 41 दिन तक चलेगा. इस मेले में तरह-तरह के झूले, लजीज पकवान एवं खरीदारी के लिए मीना बाजार लगाया गया है. तरह-तरह के झूले के साथ-साथ आइसक्रीम स्टॉल भी लगाए गए हैं.
45 साल से लगवा रहे हैं मेला
डिज्नीलैंड मेला के आयोजक संजय कुमार जायसवाल बताते हैं कि इस डिजनीलैंड मेला का आयोजन पिछले 45 वर्षों से हो रहा है. पहले उनके पिता स्व. मौजेलाल चौधरी मेला लगवाते थे. डिज्नीलैंड मेले में तरह-तरह के झूले मौजूद हैं, जिसमें प्रसिद्ध ब्रेक डांस, टावर झूला, टोरा टोरा, ड्रैगन झूला एवं नाव झूला प्रमुख हैं. वहीं, बच्चों के लिए चांद-तारा, छोटा स्कार्पियो, छोटा ट्रेन, जंपिंग झूला, मिकी माउस, बत्तख झूला, रेंजर झूला मौजूद है.
प्रवेश द्वार पर लगेगा 15 रुपए का टिकट
मेला के प्रवेश द्वार पर टिकट के चार काउंटर लगाए गए हैं. 5 वर्ष तक के बच्चों की एंट्री फ्री है. वहीं, 5 वर्ष से ऊपर के लोगों का टिकट 15 रुपए रखा गया है. वहीं, भीतर जाने व निकलने के लिए एक-एक प्रवेश व निकासी द्वार की व्यवस्था की गई है. इसके साथ- साथ पश्चिम की ओर मेन गेट से निकालने के लिए आपातकालीन द्वार बनाया गया है.
मेले में पटना का रेस्टोरेंट मौजूद है, जहां बाॅम्बे का भेलपुरी, हांडी चाट, समोसा चाट, राज कचोरी चाट, कश्मीरी चार्ट सहित 20 से ज्यादा तरह के खानपान के आइटम मौजूद हैं.कुल मिलाकर देखा जाए तो जहां एक तरफ बच्चों की गर्मियों की छुट्टी की शुरुआत हो रही है, तो वहीं दूसरी तरफ ऑफिशियलस के वीकेंड इंजॉय के साथ फ्रेंड्स के साथ फुल ऑन मस्ती के लिए डिजनीलैंड मेल एक अच्छा डेस्टिनेशन हो सकता है.
.
FIRST PUBLISHED : May 27, 2023, 19:05 IST









