
हाइलाइट्स
शादी के नाम पर 16 साल की नाबालिग किशोरी की खरीद-फरोख्त हो रही थी
लड़की के पिता की सूचना पर पुलिस ने दूल्हे समेत 11 लोगों को किया अरेस्ट
मिर्जापुर. यूपी के मिर्जापुर में मानव तस्करी का मामला सामने आया है. यहां शादी के नाम पर 16 साल की नाबालिग किशोरी की खरीद-फरोख्त हो रही थी. इसी बीच लड़की के पिता ने पुलिस को फोन कर सूचना दे दी. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे समेत 11 बारातियों को गिरफ्तार कर लिया. पूरा मामला मिर्जापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र का है. यहां हापुड़ से दूल्हा तुषार चौधरी बारात लेकर पहुंचा था. लेकिन मानव तस्करी के आरोप में परिवार सहित जेल पहुंच गया.
पुलिस ने उनके कब्जे से शादी का सामान, 10 हजार रुपया नगद और दो चार पहिया वाहन बरामद किया है. यह कार्रवाई 16 वर्षीय नाबालिक पुत्री के पिता की तहरीर पर राजगढ़ थाना पुलिस ने किया. जिसका खुलासा एसपी संतोष मिश्र ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता के दौरान किया. उन्होंने बताया कि पुलिस को एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि पैसा लेकर नाबालिग बिटिया की शादी हापुड़ के रहने वाले एक व्यक्ति के साथ किया जा रहा है. मौके पर पहुंची राजगढ़ पुलिस ने विवाह मंडप से लोगों को गिरफ्तार किया.
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में 21 वर्षीय दूल्हा तुषार चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, समरजीत, भूपेंद्र, आलोक चौधरी, विमल कुमार, निक्की शर्मा, अंकित कुमार, राहुल, राकेश सिंह एवं शादी की मध्यस्था कर रही अनीता देवी को गिरफ्तार किया गया हैं. उनके कब्जे से शादी में प्रयुक्त होने वाला सामान व 10 हजार नगद बरामद किया गया. मौके से एक पिकअप और एक कार बरामद हुआ. राजगढ़ थाना में मामला दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है. विवाह की मध्यस्था कर रही अनीता देवी ने बताया कि कन्या पक्ष की गरीबी का फायदा उठाकर उनको पैसे का लालच देकर शादी कराया जा रहा था. कन्या पक्ष के राजी होने पर वर पक्ष को बुलाकर पैसे का लेनदेन कराते हुए शादी कराई जा रही थी. हापुड़ निवासी तुषार के साथ 16 वर्षीय नाबालिग की शादी के लिए उसकी मां और नानी को पैसे का लालच देकर शादी कराया जा रहा था.
.
Tags: Mirzapur City News, UP latest news
FIRST PUBLISHED : May 27, 2023, 07:32 IST









