
हाइलाइट्स
दिल्ली-NCR में आज साथ धूल भरी आंधी आ सकती है.
भीषण चक्रवाती तूफान मोचा म्यांमार के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ा.
आज नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में बहुत भारी बारिश की संभावना.
नई दिल्ली. दिल्ली-NCR में आज तेज हवाओं (हवा की रफ्तार 30-40 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ धूल भरी आंधी (Dust Storm) आ सकती है और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department-IMD) के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है. दिल्ली में 15 मई को अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 42 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद जताई गई है. दिल्ली में 14 मई को अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जो सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा.
आईएमडी के मुताबिक भीषण चक्रवाती तूफान मोचा (Cyclone Mocha) रविवार को म्यांमार के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया. म्यांमार के बंदरगाह शहर सिटवे में इस चक्रवात ने भारी तबाही मचाई. म्यांमार के रखाइन प्रांत की राजधानी सिटवे के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए. 130 मील प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं ने टिन की छतों को उड़ा दिया. म्यांमार में बचाव सेवाओं के मुताबिक भूस्खलन में दो लोगों की मौत हो गई. वहीं स्थानीय मीडिया ने म्यांमार में पेड़ गिरने से एक शख्स की मौत की सूचना दी है. एक दशक से भी अधिक समय में बंगाल की खाड़ी से आने वाले सबसे बड़े तूफान ने सिटवे की सड़कों को नदियों में बदल दिया.
आज नॉर्थ ईस्ट में भारी बारिश की उम्मीद
आईएमडी ने साइक्लोन मोचा के असर से 15 मई को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश (Rainfall) की संभावना जताई है. आईएमडी ने इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) भी जारी किया है. वहीं दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर आंधी-बिजली और गरज के साथ बारिश होने की उम्मीद है. जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल और माहे में छिटपुट स्थानों पर बिजली गिर सकती है.
हीटवेव की चेतावनी
आईएमडी के मुताबिक अगले 3 दिनों के दौरान पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है.वहीं अगले 5 दिनों के दौरान दक्षिण भारत के कई हिस्सों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी. आज ओडिशा, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अलग-अलग इलाकों में लू (Heat Wave) चलने की संभावना है. वहीं 15 से 17 मई के दौरान ओडिशा और 16 मई को गंगीय पश्चिम बंगाल में लू का प्रकोप देखने को मिलेगा. नम हवा और ज्यादा तापमान के कारण कोंकण और गुजरात तट पर आज गर्म और असहज मौसम की संभावना है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bay of Bengal Cyclone, Heat Wave, Heavy Rainfall, Weather updates
FIRST PUBLISHED : May 15, 2023, 07:01 IST









