मेदाबायनी बालकृष्ण/हैदराबाद. सबसे पहले पता नोट करिए तेलंगाना के हैदराबाद स्थित मधापुर में हाईटेक सिटी मेट्रो स्टेशन के पास ‘श्रीनिवास मिक्स्चर पाॅइंट’. एक से एक वैरायटी के भजिये और स्नैक्स का जायका लेना है, तो यहां पहुंचिए. खास बात यह है कि यहां आलू, प्याज और सब्जियों के भजिये के साथ चाॅकलेट, ऐपल और अनानास तक के भजिये आपको मिल जाएंगे. दोपहर के 12 बजे से रात के 11 बजे तक कभी भी पहुंचें, गजब का स्वाद लेने के लिए शौकीन यहां दिखते ही हैं.
श्रीनिवास मिक्स्चर पाॅइंट के मालिक की मानें तो यह रेस्तरां 2009 में सबसे पहले राजामहेंद्रवरम इलाके में शुरू हुआ था. रिस्पाॅन्स इतना शानदार मिला कि मालिकों ने इसकी ब्रांचें खोलना तय किया. अब हैदराबाद के फूडीज़ यहां पहुंचते हैं और 15 किस्म के भजियों की वैरायटी की भारी डिमांड में रहती है. यहां आपको गाजर, आलू, बैंगन, टमाटर के भजियों के साथ ही, अंडे, मील मेकर, काजू, पनीर, केक और आम के भजिये भी मिलेंगे.
हैदराबाद स्थित श्रीनिवास मिक्स्चर पाॅइंट पर भजिये बनाता हुआ कारीगर.
क्रेजी बना रहे इस पाॅइंट का पानी भी खास!
न्यूज़18 से बातचीत करते हुए 12 साल की फूडी आश्रिता ने कहा ‘इस तरह की वैरायटी के भजिये मैंने सुने भी नहीं थे. भजिये के साथ चाॅकलेट का काॅम्बिनेशन तो बहुत ही क्रेजी है.’ आश्रिता ने इस स्वाद के लिए यहां फिर आने की बात भी कही. एक और ग्राहक नंदिनी रेड्डी ने कहा ‘चाॅकलेट भजिये वाकई लाजवाब हैं. मैंने इनसे कहा कि ये वेफर्स का इस्तेमाल भी इसमें करें. यहां फलों के भजिये भी गजब के हैं. मैं अपने पिता को भी लेकर आई और उन्हें भी मजा आ गया.’
असल में, हैदराबाद के इस जाॅइंट पर 30 खास तरह के स्नैक्स मिलते हैं, जिन्हें डेली बेस पर ‘टुडे स्पेशल’ की तर्ज पर रोटेट किया जाता है. अपने नाम के मुताबिक यह पाॅइंट साॅल्ट पिस्ता और साॅल्ट बादाम मिक्स्चर भी उपलब्ध करवाता है. यही नहीं, यहां गोदावरी नदी का शुद्ध पानी पिलाए जाने का दावा भी किया जाता है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Hyderabad News, Restaurant, Street Food
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 12:11 IST









