
राजसमंद. राजस्थान के लिए बुधवार का दिन काफी खास रहा. प्रदेश के दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 हजार करोड़ मूल्य से ज्यादा के विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इससे पहले पीएम मोदी ने रोड शो भी किया. सड़क के दोनों तरफ खड़े लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया. वह नाथद्वारा में श्रीनाथजी मंदिर जाकर दर्शन-पूजन भी किया. इसके बाद पीएम मोदी ने राजस्थान को कई परियोजनाओं की सौगात दी. पीएम मोदी के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मंच पर मौजूद थे. जब सीएम गहलोत भाषण देने के लिए उठे तो वहां मौजूद जनसमूह ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाने लगे. इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ ऐसा किया, जिसके सब मुरीद हो गए.
दरअसल, जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भाषण देने के लिए मंच के पोडियम पर पहुंचे तो जनसभा में मौजद लोग ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाने लगे. इस दौरान पीएम मोदी ने हाथ से इशारा कर लोगों से शांत रहने और बैठने की अपील की. पीएम मोदी ने न केवल खुद हस्तक्षेप किया, बल्कि उन्होंने मंच पर मौजूद सीपी जोशी से कहा कि वे लोगों को शांति बनाए रखने के लिए कहें, ताकि सीएम गहलोत अपनी बात रख सकें. पीएम मोदी ने विपक्षियों के प्रति सम्मान दिखाते हुए उन्हें भी निर्बाध तरीके से बोलने का अवसर देने की बात इशारों में कही. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास परियोजनाओं को राजस्थान और देश को समर्पित करने के बाद वहां मौजूद जनसभा को भी संबोधित किया. इस दौरान मंच पर प्रदेश के राज्यपाल कलराज मिश्र भी मौजूद थे.
‘लोकतंत्र में कोई दुश्मनी नहीं होती’
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंच साझा किया. इस दौरान उन्होंने प्रदेश के लिए कुछ मांगें पीएम के समक्ष रखीं. साथ ही कहा कि लोकतंत्र में कोई दुश्मनी नहीं होती है. यह विचारधारा की लड़ाई है. इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपना दोस्त बताया था. नाथद्वारा में आयोजित कार्यक्रम में सीएम गहलोत ने कहा कि विपक्ष के बिना सरकार नहीं होती, इसलिए विपक्ष का सम्मान किया जाना चाहिए.
विकास परियोजनाओं का शुभारंभ
राजस्थान यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने प्रदेश को 5,500 करोड़ रुपये मूल्य से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इसमें सड़क से लेकर उदयपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं. पीएम मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से राजस्थान में विकास की रफ्तार बढ़ेगी. इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत अन्य वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद थे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 10, 2023, 14:54 IST








