करारी में ऐतिहासिक गुंबदे खजरा कॉन्फ्रेंस का दूसरा दिन संपन्न, रातभर उमड़ी रही भीड़

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

कौशांबी। मुस्लिम नौजवान कमेटी के तत्वावधान में कस्बा करारी में आयोजित ऐतिहासिक दो दिवसीय गुंबदे खजरा कॉन्फ्रेंस का दूसरे दिन का जलसा शेख अबू सईद किबला सज्जादानशीन खानकाहे आरिफिया, सैयद सरावां के संरक्षण तथा मौलाना मोहम्मद इमरान हबीबी की अध्यक्षता में सकुशल संपन्न हुआ। कॉन्फ्रेंस में कौशांबी सहित आसपास के कई जनपदों से बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की। भीड़ इतनी अधिक रही कि कार्यक्रम स्थल पर जगह कम पड़ गई। रातभर लोग जलसे में मौजूद रहकर देश के प्रसिद्ध उलेमा और शोरा की तकरीरें एवं कलाम सुनते रहे।

कार्यक्रम का संचालन आरिफ हसन सिद्दीकी जबलपुर ने किया, जबकि जलसे का शुभारंभ कारी मोहम्मद जाकिर ने पवित्र कुरआन की तिलावत से किया। इसके बाद सैयद मौलाना आलमगीर अशरफ नागपुरी ने अपने प्रभावशाली संबोधन में ईमान की अहमियत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इंसान के लिए सबसे अनिवार्य और बहुमूल्य चीज ईमान है। ईमान के बिना नमाज, रोजा, हज और जकात का कोई महत्व नहीं है। उन्होंने कहा कि ईमान की अहमियत इतनी बड़ी है कि यदि कोई व्यक्ति गुनाहों के कारण जहन्नम में भी चला जाए, तो उसका ईमान एक न एक दिन उसे जहन्नम से निकालकर जन्नत में पहुंचाएगा।

उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि इस गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए कि केवल सुन्नी होने के कारण जन्नत निश्चित है और जहन्नम में जाने का कोई खतरा नहीं। इसके साथ ही उन्होंने माता-पिता की महानता बयान करते हुए कहा कि वालिदैन की दुआ औलाद के हक में बेहद अहमियत रखती है। उन्होंने हुजूर-ए-पाक सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की हदीस का हवाला देते हुए वालिदैन की दुआ की विशेष महत्ता बताई।

मौलाना ने मुसलमान की पहचान बताते हुए कहा कि सच्चा मुसलमान वही है, जिसके हाथ, जुबान और चरित्र से किसी दूसरे इंसान को तकलीफ न पहुंचे।

जलसे में नातिया कलाम का भी शानदार दौर चला। देश के विभिन्न हिस्सों से आए शायरों ने एक से बढ़कर एक कलाम पेश कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सोहेल परवाज भदोही ने ‘हासिदों ने कोशिश की बंद करने की, फिर भी जगमगाया है जश्न गुंबदे खजरा’ पेश किया। अशरफ रजा कादरी कलकत्तवी ने हजरत अली की शान में कलाम सुनाया। अफजल इलाहाबादी ने ‘तेरा दीदार करता रहता हूं, मेरी मेराज होती रहती है’ सुनाकर खूब वाहवाही बटोरी।

इसी क्रम में सैयद अशरफ रामपुरी, सैयद सजर मकनपुरी, शकील आरफी फर्रुखाबादी और आरिफ हसन सिद्दीकी जबलपुर ने भी अपने नातिया कलाम से महफिल में समां बांध दिया। श्रोतागण पूरी रात अदब और एहतराम के साथ कलाम सुनते रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सलातो-सलाम पढ़ा गया और देश-दुनिया में अमन-शांति, भाईचारे तथा खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई। अंत में हाजी मोहम्मद इमरान, प्रधानाचार्य मदरसा जामिया इमदादुल उलूम ने जलसे में आए सभी मेहमानों, उलेमा, शोरा और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मौलाना मेराज अहमद, मुफ्ती हबीबुल्लाह, कारी रफीउल्लाह, मौलाना मोहम्मद फहद अजहरी, हाफिज लाइक अहमद सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में उलेमा एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

UP Headline
Author: UP Headline

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें