*उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के गृह जनपद और गृह ब्लॉक में ही रोजगार सेवकों को मानदेय का इंतजार, इस बार फीकी रह सकती है दीपावली*
*कौशाम्बी* सिराथू ब्लॉक परिसर में गुरुवार को ग्राम रोजगार सेवक संघ के कर्मचारियों ने दो माह से मानदेय नहीं मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया। मानदेय का भुगतान न होने से नाराज रोजगार सेवकों ने अपनी समस्याएं उठाते हुए जल्द बकाया भुगतान कराने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रावेंद्र ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, इसके बावजूद दो माह से मानदेय नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने मानदेय भुगतान में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए जल्द भुगतान की मांग की।
गौरतलब है कि ग्रामीण विकास विभाग उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से जुड़ा है। ऐसे में उनके गृह जनपद कौशाम्बी के गृह ब्लॉक सिराथू में ही रोजगार सेवकों को दो माह से मानदेय नहीं मिलने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
*रोजगार सेवकों की फीकी रहेगी दीपावली*
त्योहार नजदीक है, लेकिन दो माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण रोजगार सेवकों के सामने परिवार की जरूरतें पूरी करने और त्योहार की तैयारी करने का संकट है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि दीपावली से पहले बकाया मानदेय का भुगतान हो जाएगा, ताकि वे भी अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें। भुगतान में देरी जारी रही तो इस बार कई रोजगार सेवकों की दीपावली फीकी रह सकती है।इस मौके पर किरन देवी, साविता देवी, सत्य प्रकाश पांडेय, वीरेंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार, चंद्रिका प्रसाद, राजेश कुमार, निशा दुबे सहित अन्य रोजगार सेवक मौजूद रहे।







