कौशाम्बी
कौशांबी जिले में पेड़ काटने के दौरान हुई बड़ी लापरवाही एक मासूम की जान पर भारी पड़ गई। पेड़ की मोटी डाल विद्युत पोल पर गिर गई। पोल की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना मंझनपुर थाना क्षेत्र के टेंवा गांव की है। बताया जा रहा है कि गांव में एक पेड़ काटा जा रहा था। इसी दौरान पेड़ की मोटी डाल पास में लगे विद्युत पोल पर जा गिरी। इससे पोल असंतुलित होकर गिर पड़ा और उसकी चपेट में दो मासूम बच्चे आ गए।
हादसे में तीन वर्षीय प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय जानवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। जानवी का उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे अपने ननिहाल टेंवा गांव घूमने आए थे। दोनों बच्चे फतेहपुर जनपद के मनमाऊ गांव के निवासी थे । हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है









