प्रयागराज —लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में फायर सेफ्टी सिस्टम की जांच अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन प्रयागराज के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एसआरएन में फायर सिस्टम की जांच के दौरान ही बड़ा तकनीकी हादसा हो गया। मॉकड्रिल के बीच फायर पाइप फटने से सुपर स्पेशियलिटी बिल्डिंग में अफरातफरी मच गई और कई विभागों में पानी भर गया।
प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) की सुपर स्पेशियलिटी बिल्डिंग में फायर सिस्टम की जांच चल रही थी। इसी दौरान प्लास्टिक सर्जरी विभाग के पास स्थित पंप हाउस की पाइपलाइन में अचानक लीकेज शुरू हो गई। कुछ ही देर में पाइप फट गई और तेज दबाव के साथ पानी पूरे परिसर में फैल गया। देखते ही देखते ओपीडी, डायलिसिस यूनिट, सीटी स्कैन, एक्स-रे विभाग और रजिस्ट्रेशन काउंटर के आसपास जलभराव हो गया। अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
घटना के समय अस्पताल की प्रमुख अधीक्षक डॉ. नीलम सिंह स्वयं फायर सेफ्टी सिस्टम का निरीक्षण करने पहुंची थीं। पाइप फटने की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने सफाई कर्मियों और तकनीकी कर्मचारियों को मौके पर लगाया। करीब दो से ढाई घंटे की मशक्कत के बाद बिल्डिंग से पानी बाहर निकाला जा सका।
फायर सेफ्टी व्यवस्था की पड़ताल के दौरान सामने आई यह घटना अस्पताल के रखरखाव और तकनीकी व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मरीजों और तीमारदारों को लंबे समय तक असुविधा झेलनी पड़ी।








