कौशाम्बी–
पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में नवजात शिशु की बिक्री के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने बच्चे की मां समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि नकद 22,700 रुपये भी बरामद किए गए हैं। खरौना गांव निवासी बृजेश कुमार पुत्र सुकुरु ने 21 जनवरी 2026 को पश्चिम शरीरा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी ममता देवी ने उनके छह माह के बेटे को कहीं बेच दिया है। सूचना के आधार पर थाना पश्चिम शरीरा में मुकदमा संख्या 12/2026 धारा 143(4) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी राजेश कुमार के निर्देश पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर 22 जनवरी 2026 को नवजात शिशु को ग्राम टेवा के पास तिराहे से सकुशल बरामद कर लिया गया।पुलिस ने इस मामले में संलिप्त दो महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं में ममता देवी, पत्नी बृजेश कुमार, निवासी खरौना, थाना पश्चिम शरीरा, जनपद कौशाम्बीअनिता शुक्ला,पत्नी श्याम कुमार शुक्ला, निवासी 145/1 ए, जयरामपुर संगम कुंज कॉलोनी, थाना धूमनगंज, जनपद प्रयागराज शामिल हैं।पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्ता ममता देवी ने स्वीकार किया कि उसे पैसों की आवश्यकता थी, जिसके चलते उसने अनिता शुक्ला के माध्यम से अपने नवजात बेटे को एक अज्ञात व्यक्ति को 95 हजार रुपये में बेच दिया था। इस रकम में से 22,700 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं, जबकि शेष धनराशि खर्च हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपित महिलाओं से पूछताछ कर रही है और बच्चे को खरीदने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है। *थानाध्यक्ष हरीश तिवारी का कहना है कि मामले की जांच गहनता से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








