
अंकित कुमार सिंह/सीवान. बिहार के सीवान जिले के वैसे छात्र-छात्राएं जो स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं, उनके लिए अच्छी खबर है. जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा ने स्नातक खंड 2020-23 के लिए डिग्री पार्ट टू का परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि जारी कर दी है. इसके तहत, जेपी यूनिवर्सिटी से अंगीभूत एवं संबद्ध सीवान के 12 से अधिक कॉलेजों में छात्र-छात्राएं आगामी 5 जून से 10 जून तक परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं. इसके लिए सामान्य विषय के लिए 395 रुपये और प्रतिष्ठा विषय वाले स्टूडेंट्स के लिए 420 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है.
सीवान जिले के कॉलेजों में परीक्षा फॉर्म भरने के लिए यूनिवर्सिटी ने 5 जून से 10 जून तक अंतिम तिथि निर्धारित करते हुए जल्द से जल्द परीक्षा फॉर्म भरने का निर्देश दिया है. 11 जून तक महाविद्यालयों के द्वारा परीक्षा प्रपत्रों को समेकित सूची एवं पेन ड्राइव के साथ विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग में जमा कराना होगा. स्टूडेंट्स के पास अंतिम मौका 10 जून तक है. इसके बाद छात्र-छात्राए फॉर्म नहीं भर सकेंगे. इसको लेकर सीवान जिले के हजारों स्टूडेंट्स बीते पांच महीने से इंतजार कर रहे थे.
सभी अंगीभूत कॉलेज के प्राचार्य को भेजा गया है पत्र
डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य अजय कुमार पंडित ने बताया कि इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक प्रो. अनिल कुमार सिंह ने छपरा, सीवान एवं गोपालगंज के सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य को पत्र भेजा है. इसमें कहा गया है कि स्नातक द्वितीय खंड सत्र 2020-23 का परीक्षा फार्म 10 जून भरा जाना है. इसके तहत, सीवान जिले के डीएवी पीजी कॉलेज, जेडए इस्लामिया कॉलेज, राजा सिंह कॉलेज, विद्या भवन महिला कॉलेज, दरोगा राय कॉलेज, हरिराम महाविद्यालय, गोरखपुर सिंह महाविद्यालय समेत 13 से अधिक कॉलेजों में परीक्षा प्रपत्र भरे जाएंगे.
यूनिवर्सिटी के वेबसाइट पर जाकर भरा जा सकता है फॉर्म
जयप्रकाश विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सेशन थोड़ा लेट चल रहा है. कोशिश है कि जल्द से जल्द एग्जाम लेकर सेशन को सही किया जा सके. इस एग्जाम को 2023 यानी इसी वर्ष क्लियर हो जाना चाहिए था, लेकिन कोविड-19 की वजह से समय बढ़ गया और सेशन लेट हो गया है.
उन्होंने बताया कि जेपी विश्वविद्यालय में डिग्री पार्ट टू की परीक्षा फॉर्म वाले छात्र-छात्राएं स्नातक द्वितीय खंड बीसीए, बीबीए, सीएनडी, बीटेक, प्री लॉ सहित प्रतिष्ठा विषयों के लिए ऑनलाइन फॉर्म विश्वविद्यालय के वेबसाइट www.jpuniversity.ac.in पर जाकर भर सकते हैं. अधिक जानकारी लेने के लिए स्टूडेंट्स संबंधित कॉलेज के कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं.
.
Tags: Bihar News in hindi, Education news, Siwan news
FIRST PUBLISHED : May 27, 2023, 11:36 IST









