
हाइलाइट्स
एक युवक की शादी तुड़वाने के लिए पूरे गांव में रातों-रात पोस्टर लगा दिए
हालांकि पुलिस की सतर्कता से युवक की शादी टूटने से बच गई
झांसी. यूपी के बुंदेलखंड क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर अजीबो-गरीब पोस्टर वॉर देखने को मिला. यहां एक युवक की शादी तुड़वाने के लिए पूरे गांव में रातों-रात पोस्टर लगा दिए गए. गलियों में आपत्तिजनक पोस्टर भी फेंके गए. हालांकि युवक की शादी टूटने बच गई. अब युवक ने पुलिस से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है. पुलिस भी दबंगों के इस पैतरें से हैरत में हैं.
दरअसल, पुरानी रंजिश में दबंगों ने जिस गांव में युवक की शादी होनी थी, उसी गांव में युवक के ससुरालियों के घर की दीवारों पर आपत्तिजनक भाषा लिखे हुए पोस्टर चिपकाए. पूरे गांव में ऐसे आपत्तिजनक पंपलेट फेंके, जिसके चलते युवक की शादी टूट जाये. पूरा मामला झांसी के लहचुरा थाना क्षेत्र का है, जहां मऊरानीपुर सर्किल की सीओ को एक महिला ने शिकायती पत्र दिया. पीड़ित महिला का प्रार्थना पत्र पढ़कर पुलिस महकमा भी चकरा गया. कुछ पल के लिए पुलिस को भी समझ में नहीं आ रहा था कि दुश्मनी निकालने का यह कौन सा तरीका था कि पोस्टर चिपका दो और पंपलेट बांट दो, और उसमें अपील कर दो कि इस शख्स से कोई शादी न करें.
पोस्टर में लिखी ये बात
दरअसल, पोस्टर में लिखा था, ‘इस शख्स को कोई रुपया न दे… ये शख्स लोगों का रुपया वापस नहीं करता है. ये शख्स रुपया वापस मांगे जाने पर छेड़खानी का मुकदमा लिखवा देता है.” कुछ इस तरह की अपील करते हुए कुछ पंपलेट युवक की ससुराल के गांव में फेकने के बाद गांव की दीवारों पर पोस्टर चिपका दिए गए.
शादी तुड़वाने के लिए लगाए पोस्टर
लहचुरा थाना क्षेत्र के खंडवागांव की रहने वाली माया देवी ने सीओ मऊरानीपुर को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि 9 मई की सुबह 4 बजे भदरवारा गांव के रहने वाले कुछ लोग उनके घर आए. मारपीट करने के बाद बेटे जय हिंद के बारे में पूछने लगे. दबंगों ने मारपीट करने के बाद धमकी दी कि तुम्हारे बेटे जय हिंद की शादी किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे. इसके अलावा घर में लड़की की भी बेइजत्ति कर देंगे. इतना ही नहीं पीड़ित महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके बेटे की शादी न हो पाए इसके लिए दबंगों ने एक राय होकर मेरे बेटे के ससुराल में आपत्तिजनक पोस्टर दीवारों पर चिपकाए. साथ ही अपत्तिजनक भाषा लिखे हुए पंपलेट लोगों के घरों के सामने फेंक दिए. पोस्टर और पंपलेट में तमाम तरह की अपील की गई थी जिसके चलते बेटे के ससुराल वाले नाराज हो गए थे.
पुलिस ने करवाई शादी
युवक की ससुराल पक्ष के गांव की दीवारों पर चपके पोस्टर और गांव में फेंके गए आपत्तिजनक पंपलेट को लेकर फिलहाल सही समय पर पुलिस ने कार्रवाई की, जिसके चलते युवक की शादी तो हो गई, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार महिला के बेटी और उसके परिजनों की बदनामी कर रहे हैं. वहीं जब इस बाबत एसपी ग्रामीण गोपीनाथ सोनी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पुलिस ने सही समय पर पहुंचकर युवक की शादी करवा दी थी. इसके बाद एक प्रार्थना पत्र आया है, जिसमें तमाम तरह के गंभीर आरोप गांव के ही कुछ लोगों पर लगे हैं, जिसकी पुलिस जांच कर रही है. प्रार्थना पत्र में लगे आरोप सही पाए जाने पर आरोपियों खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी. किसी भी हाल में दीवारों पर पोस्टर चिपका कर या फिर पंपलेट फेंक कर उस पर आपत्तिजनक बातें लिखना गैरकानूनी है.
.
Tags: Jhansi news, UP latest news
FIRST PUBLISHED : May 27, 2023, 11:03 IST









