
अभिषेक उपाध्याय, आजमगढ़. उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के कोलबाज बहादुर गांव में किशोरी के साथ छींटाकशी का विरोध करना एक पिता को भारी पड़ गया. जहां मनबढ़ युवकों ने घर पर शिकायत लेकर पहुंचे पिता व भाई को लाठी डंडे से बुरी तरीके से मार-पीटकर घायल कर दिया. इसके बाद पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि भाई की हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
दरअसल आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली स्थित कोलबाज बहादुर में किशोरी के साथ छींटाकशी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. इस विवाद के बाद यह मामला मारपीट में तब्दील हो गया. मारपीट में जमकर लाठी-डंडे चले. जहां मारपीट के दौरान बलिराम साहनी और राजू को गंभीर चोटें लगीं. गंभीर रूप से घायल दोनों को आस-पास के लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया जहां इलाज के दौरान बलिराम साहनी की मौत हो गई. इस मामले की शिकायत मृतक के बेटे सनी साहनी ने कोतवाली में दर्ज कराया.
वहीं पुलिस को दिए शिकायती पत्र में सनी ने भोला साहनी, शिवम साहनी, डिप्टी साहनी, दरोगा साहनी और विकास साहनी के विरूद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कराया. जिसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. बाकी चारों आरोपियों की तलाश की जा रही है. जबकि इस मामले में एसपी सिटी शैलेन्द्र लाल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पांच आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है. जबकि मामले में फरार चारों आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.









