
हम रोजाना चारदीवारी के अंदर भोजन करते हैं. चाहें घर हो या फिर कोई होटल. गांव में बहुत से लोग बाहर या दरवाजे पर बैठकर भी खाना खा लेते हैं. लेकिन अब आपके पास एक नया विकल्प होगा. आप अंतरिक्ष में भी भोजन कर सकेंगे और वह भी उड़ते हुए. दुनिया को चौंकाते हुए फ्रांस के एक स्टार्टअप (Zephalto) ने इसका ऐलान किया है. कंपनी अंतरिक्ष में रेस्टोरेंट खोल रही है, जहां 2025 से कोई भी जाकर इस क्रेजी रेस्टोरेंट में खाने का लुत्फ उठा सकेगा. हालांकि, कीमत चौंकाने वाली है.
स्पेसएक्स जैसी कंपनियां जहां पहले से ही स्पेस टूरिज्म कर रही हैं, वहीं फ्रांस की यह कंपनी एक कदम और आगे बढ़कर आसमान में बैठकर खाना खिलाने की तैयारी कर रही है. फ्रांस की बैलून कंपनी जेफाल्टो (French start-up Zephalto) यात्रियों को शानदार भोजन के लिए गुब्बारे में अंतरिक्ष के किनारे ले जाने की योजना बना रही है. यदि यह रेस्टोरेंट खुल जाता है तो कोई भी 25 किलोमीटर की ऊंचाई पर हीलियम या हाइड्रोजन से भरे ज़ेफाल्टो गुब्बारों में बैठकर भोजन कर सकेगा. इसके लिए सेलेस्टे नामक एक विशेष प्रकार के गुब्बारे को विकसित किया जा रहा है. यह 90 मिनट तक एक ही स्थान पर रह सकता है. तब तक मेहमान शानदार व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे.
फ्रांसीसी अंतरिक्ष एजेंसी के साथ भागीदारी
सीएनएन की एक रिपोर्ट के अनुसार, एयरोस्पेस इंजीनियर विन्सेंट फैरेट डी एस्टीस द्वारा स्थापित कंपनी ज़ेफाल्टो लोगों को एक गुब्बारे से जुड़े दबाव वाले कैप्सूल में अंतरिक्ष के बेहद करीब भेजेगी.जहां यात्रियों को मिशेलिन-स्टार भोजन परोसा जाएगा. ब्लूमबर्ग से बातचीत में डी एस्टीस ने कहा, मैंने फ्रांसीसी अंतरिक्ष एजेंसी के साथ भागीदारी की है और हम इस मुहिम में एक साथ काम कर रहे हैं. हमने 25 किलोमीटर इसलिए चुना है क्योंकि इस ऊंचाई पर आप अंतरिक्ष के अंधेरे में रहते हैं. आपके नीचे 98 फीसदी वातावरण है. हालांकि, यहां शून्य गुरुत्वाकर्षण नहीं होगा.
एयरबस के इंजीनियरों ने किया डिजाइन
बेहद खास सेलेस्टे गुब्बारे को एयरबस के इंजीनियरों ने फ्रांसीसी और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसियों के साथ मिलकर डिजाइन किया है. इसकी गति प्रति सेकेंड 4 मीटर होगी. डेढ़ घंटे में यह दूरी तय होगी और इस कैप्सूल में 6 पैसेंजर और 2 पायलट साथ जाएंगे. कैप्सूल तीन घंटे पृथ्वी के ऊपर मंडराएगा. वहां पहुंचने के बाद मेहमानों को फ्रेंच वाइन के साथ-साथ फ्रेंच फूड का आनंद उठाने का मौका मिलेगा. इसमें 75 वर्गफुट की एक विंडो भी होगी, जिससे पूरा नजारा दिखेगा. शुरुआती बुकिंग 11,000 डॉलर यानी करीब 9 लाख रुपये की रखी गई है. सीएनएन के अनुसार, राउंड ट्रिप के लिए यात्रियों को लगभग 131,100 डॉलर यानी तकरीब 1 करोड़ रुपये देने होंगे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bizarre news, OMG News, Trending news, Viral news, Weird news
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 11:00 IST









