
गुलशन सिंह/बक्सर. व्यवहार न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में इस वर्ष का दूसरा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया. इस दौरान वादों के निपटारे के लिए कुल 20 बेंच बनाएं गए थे. जिसमें न्यायधीशों के सामने दोनों पक्षकारों को बुलाकर न सिर्फ मामलों में सुनवाई की गई बल्कि निष्पादन भी किया गया. इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्धघाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह जिला एव सत्र न्यायाधीश अंजनी कुमार सिंह, डीएम अंशुल अग्रवाल, अपर जिला सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार तिवारी, बार काउंसिल के अध्यक्ष बबन ओझा के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया.
राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 1881 मामलों का निष्पादन किया गया जबकि 6 करोड़ 63 लाख 32 हजार 989 रुपए की रिकवरी कर मुकदमों का सुलह कराया गया. इस दौरान जिला न्यायाधीश अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत एक ही दिन में कई मुकदमों के निपटारे का सुलभ रास्ता है. इसमें न कोई पक्ष जीतता है और न ही कोई पक्ष हारता है. इसमें दोनों पक्षों की जीत होती है. कोई भी व्यक्ति अपने वाद का निपटारा सुलह औरसमझौते के माध्यम से करा सकता है.
राष्ट्रीय लोक अदालत में एक दिन में हो जाता है मुकदमे का निपटारा
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन इस उद्देश्य से ही किया जाता है कि व्यवहार न्यायालय पर बढ़ रहे मुकदमों के बोझ को कम किया जा सके और लोगों को सुलभ न्याय उपलब्ध करवाया जा सके. उन्होंने कहा कि वाद के दोनों पक्षकार स्थानीय न्यायालय, उच्च न्यायालय एवं उच्चतम न्यायालय में अपने-अपने वादों को लेकर दौड़ते रहते हैं और उनके मुकदमे का निपटारा नहीं हो पाता है. यदि वे अपने मुकदमों का निपटारा करवाना चाहते हैं तो सीधे लोक अदालत में आ सकते हैं. यहां एक ही दिन में वादों का निपटारा सुलह के आधार पर करवाया जाता है.
लोक अदालत में बैंक से जुड़े वादों का हुआ सर्वाधिक निपटारा
वर्ष के द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक के 743 मामले व भारत संचार निगम लिमिटेड के 422, ग्राम कचहरी के 120, आपराधिक 266 वाद, चेक बाउंस के 05 वाद, मोटर वाहन अधिनियम के 01 वाद सामने आया. जिसमें 4 करोड़ 80 लाख 72 हजार 157 रुपए की रिकवरी की गई. इसके अलावा विद्युत वाद के 271 मामले का निपटारा कराया गया. जिसमें 74 लाख 4 हजार 574 रुपए की रिकवरी हुई. वही जिले के विभिन्न बैंकों के 743 मामलों में 4 करोड़ 80 लाख 72 हजार 157 रुपए की रिकवरी हुई. इस दौरान कुल 6 करोड़ 63 लाख 32 हजार 988 रुपए की रिकवरी हुई.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Buxar news
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 07:38 IST








