
पवन कुंवर/हल्द्वानी. आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल, 2018 में की थी. स्वास्थ विभाग की ओर से नैनीताल जनपद में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अभी तक 5 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं. हल्द्वानी के सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल, सुशीला तिवारी अस्पताल, महिला अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज आयुष्मान योजना का लाभ ले रहे हैं. इस योजना के तहत पांच लाख रुपए तक का इलाज बिल्कुल मुफ्त है.
इन प्राइवेट अस्पतालों में चलता है आयुष्मान कार्ड
आयुष्मान कार्ड केवल सरकारी ही नहीं, बल्कि कई प्राइवेट अस्पतालों में भी मान्य है. हल्द्वानी शहर के प्राइवेट अस्पताल बृजलाल, साईं अस्पताल, उजाला सिग्नस सेंट्रल अस्पताल, शुभानु आई हॉस्पिटल, दृष्टि हॉस्पिटल और कई अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड का लाभ लोगों को मिल रहा है.
अस्पताल में टेस्ट भी मुफ्त
अस्पताल में आयुष्मान कार्ड में 59 जांचें मुफ्त कराई जाती हैं, जिसमें ब्लड टेस्ट, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे से लेकर सभी महत्वपूर्ण जांचें मुफ्त होती हैं. अस्पताल आने वाले ज्यादातर मरीजों के पास यह कार्ड होता है और जिन लोगों के पास नहीं होता है, अस्पताल में ही उनका कार्ड बनवाया जाता है, ताकि हर व्यक्ति को सरकार की स्वास्थ्य योजना का लाभ मिल सके.
बेस और सुशीला तिवारी अस्पताल में बन रहे नए आयुष्मान कार्ड
बेस अस्पताल में रोज करीब 10 से 15 आयुष्मान कार्ड बन रहे हैं, तो वहीं सुशीला तिवारी अस्पताल में भी हर रोज 20 से 25 नए आयुष्मान कार्ड बन रहे हैं. अगर आप भी आयुष्मान कार्ड बनाना चाहते हैं, तो बेस अस्पताल और सुशीला तिवारी अस्पताल में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयुष्मान कार्ड बनाए जाते हैं. इसके लिए आपको अपना आधार कार्ड लेकर अस्पताल आना होगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Haldwani news, Latest hindi news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 09:25 IST








