*कौशांबी न्यूज
चरवा थाने के जानकीपुर गांव में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नींबू की बाग में प्रतिबंधित मवेशी के अवशेष मिलने की सूचना फैली। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई। मौके पर पहुंची टीम ने अवशेष को कब्जे में लेकर नियमानुसार दफना दिया और मामले की जांच शुरु कर दी है।

जानकीपुर गांव निवासी सुशील कुमार की गांव के बाहर नींबू की बाग है। मंगलवार शाम को शौच के लिए युवक को प्रतिबंधित मवेशी के अवशेष पड़े देखे। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद एसडीएम अरुण कुमार, नायब तहसीलदार सौरभ सिंह, चरवा इंस्पेक्टर महेश सिंह और पिपरी थाना प्रभारी विकास सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद अवशेष को गड्ढा खुदवाकर दफना दिया। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। एसडीएम अरुण कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत हो रहा है और इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी एकत्र की जा रही है। घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।









