
हाइलाइट्स
दक्षिण पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं.
दिल्ली, यूपी और हरियाणा में अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना.
ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ में अलग-अलग इलाकों में लू की स्थिति जारी रहेगी.
नई दिल्ल: मॉनसून (Monsoon Update) की देरी के कारण उत्तर भारत के लोग भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहे हैं. दिल्ली, यूपी, बिहार से लेकर हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री के ऊपर दर्ज किया जा रहा है. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 जून तक पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी भारत और उत्तर पश्चिमी भारत में भारी बारिश (Rainfall Alert) की भविष्यवाणी की है. मौसम कार्यालय ने यह भी कहा है कि 18-21 जून के दौरान अगले सप्ताह से दक्षिण प्रायद्वीपीय और पूर्वी भारत और आसपास के क्षेत्रों के कुछ और हिस्सों में दक्षिण पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं.
IMD ने राजधानी दिल्ली, यूपी और हरियाणा में अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना जताई है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जहां कल चक्रवात तुफान बिपरजॉय (Cyclone Bipajoy) के असर से बारिश हुई है, वहीं IMD ने अगले दो दिनों तक बारिश की भविष्यवाणी की है. साथ ही इस दौरान तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी. अधिकतम तापमान 38 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री पर आ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 18 और 19 जून को मौसम सबसे अधिक सुहावना रहेगा.
पढ़ें- तबाही मचाने के बाद बिपरजॉय पड़ा कमजोर, चक्रवात से कोई मौत नहीं, सरकार के सामने अब ये है चुनौती
बिहार और छत्तीसगढ़ में लू
IMD के अनुसार अगले सप्ताह के अधिकांश दिनों के दौरान ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ में अलग-अलग इलाकों में लू की स्थिति जारी रहने की संभावना है. सप्ताह के पहले भाग के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और तेलंगाना जबकि अगले 2 दिनों के दौरान दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश में लू चल सकती है.
चक्रवाती तूफान बिपरजॉय (Biparjoy Cyclone) के गुजरात में आने के बाद आज राजस्थान इससे प्रभावित हो सकता है. राजस्थान में बिपरजॉय तूफान की एंट्री के बाद बाड़मेर में तेज बारिश शुरू हो गई. तूफान के कारण प्रदेश के जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर, जोधपुर, पाली और सिरोही में सबसे ज्यादा खतरा है. हालांकि, तूफान की रफ्तार में कमी आ रही है, लेकिन दक्षिण पश्चिम राजस्थान इससे ज्यादा प्रभावित हो सकता है. चक्रवात की वजह से अगले दो दिनों तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी बारिश की संभावना है.
UP में मॉनसून के लिए अभी और इंतजार
वहीं उत्तर प्रदेश में मॉनसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे लोगों के लिए बुरी खबर है. फिलहाल मॉनसून के लिए UP के लोगों को अभी और इंतजार करना होगा. मौसम विभाग की माने तो साइक्लोन बिरजॉय के कारण मॉनसून की रफ्तार में कमी है. इस कराण मॉनसून यूपी और दिल्ली में देरी से दस्तक देगी. दिल्ली में 27 तो यूपी में 30 जून तक मॉनसून दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार इसमें और देरी देखी जा सकती है.
.
Tags: Delhi Weather Update, Imd, Weather Update
FIRST PUBLISHED : June 17, 2023, 06:34 IST






