बच्चे के लिए बीवी ने कराई 30 साल छोटी युवती से शादी, 62 साल की उम्र में 3 बच्चों का बाप बना यह शख्स


प्रदीप कश्यप/सतना: मध्‍य प्रदेश के सतना के एक बुजुर्ग ने जवानों को भी शर्मिंदा कर दिया है. दरअसल यह बुजुर्ग 62 साल की उम्र में एक साथ 3 बच्‍चों के पिता बने हैं. मजेदार बात यह है कि जिस महिला ने एक साथ तीन बच्‍चों को जन्‍म दिया है, वह उनकी दूसरी पत्‍नी हैं. जबकि उनकी पहली पत्‍नी ने यह दूसरी शादी कराई थी. आइए जानते हैं पूरी कहानी.

यह अजीबोगरीब मामला मध्य प्रदेश के सतना जिले से सामने आया है, जहां 62 वर्षीय गोविंद कुशवाहा की 30 साल की पत्नी हीराबाई कुशवाहा को सोमवार की रात प्रसव पीड़ा हुई थी. इसके बाद हीराबाई को सतना जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया था. वहीं, मंगलवार (13 जून) की सुबह उन्‍होंने एक साथ 3 बच्चों को जन्म दिया. जन्म होने के बाद डॉक्टरों ने देखा कि बच्चे प्रीमेच्योर हैं और तीनों कम वजन के हैं. इसके चलते डॉक्टर ने तीनों बच्चों को नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कर दिया. फिलहाल तीनों का इलाज चल रहा है.

पत्नी ने ही कराई पति की दूसरी शादी
वहीं, महिला द्वारा एक साथ तीन बच्‍चों को जन्‍म देने की बात सतना में चर्चा का कारण बनी हुई है. वहीं, 62 वर्षीय गोविंद कुशवाहा ने बताया कि हीराबाई उनकी दूसरी पत्नी हैं. उनकी पहली पत्नी का नाम कस्तूरीबाई कुशवाहा है जिनकी उम्र करीब 60 वर्ष है. वह जिले के उचेहरा ब्लॉक के अतर्वेदिया खुर्द ग्राम के निवासी हैं. साथ ही बताया कि उनको पहली पत्नी से एक बेटा था, जिसकी 18 वर्ष की उम्र में एक हादसे में मौत हो गई थी. उसके बाद उनकी पहली पत्नी ने दूसरी शादी के लिए राजी किया. साथ ही मंदिर से जयमाला डलवा कर दूसरी पत्नी को घर ले आई. गोविंद कुशवाहा के मुताबिक, दूसरी शादी के करीब 6 साल बाद हीराबाई कुशवाहा ने 3 बच्चों को एक साथ जन्म दिया है. यह तीनों बेटे हैं. वहीं, इस बात से गोविंद तो बहुत खुश हैं, लेकिन बच्‍चों के नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में भर्ती होने से थोड़ी चिंता है.

बच्चों की स्थिति ठीक नहीं
जानकारी के मुताबिक, तीनों में से पहले बच्चे का वजन 1 किलो 272 ग्राम, दूसरे का 1 किलो 314 ग्राम और तीसरे का 1 किलो 128 ग्राम का है. जबकि सामान्य बच्चे का वजन 2 से 3 किलो तक होना चाहिए, लेकिन यह तीनों बच्चे 2 किलो से भी कम हैं. तीनों बच्चों का इलाज किया जा रहा है. फिलहाल बच्चों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

जिला अस्पताल के डॉक्‍टर ने कही ये बात
सतना जिला अस्पताल के प्रशासक डॉक्टर अमर सिंह का कहना है कि सोमवार की रात्रि में हीराबाई कुशवाहा नामक महिला को प्रसव पीड़ा के लिए मातृत्व वार्ड में भर्ती किया गया था. मंगलवार (13 जून) को सुबह करीब 6:08 से 6:10 के बीच हीराबाई ने तीन बच्चों को एक साथ जन्म दिया. तीनों बच्चों की हालत नाजुक है, जिन्हें उपचार के लिए नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया है. साथ ही बताया कि महिला ने 34 सप्ताह में तीनों बच्चों को जन्म दिया है. जबकि सामान्य तौर पर 37 सप्ताह के बाद बच्चों की डिलीवरी होती है. यही वजह है कि बच्चे कमजोर हैं और उनका इलाज जारी है.

Tags: Mp news, Satna news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More