
अभिषेक जायसवाल/वाराणसी: दुनिया भर में आज (14 जून) वर्ल्ड ब्लड डोनर डे मनाया जा रहा है. इस खास दिन पर ब्लड बैंक में ब्लड डोनेशन के लिए विशेष कैम्प लगाए जा रहे हैं. इन सब के बीच आज हम आपको एक ऐसे शख्स से रूबरू कराएंगे जिन्होंने अपने उम्र से चार गुना ज्यादा बार ब्लड डोनेट किया है. अब वाराणसी में लोग इन्हें चलता फिरता ब्लड बैंक भी कहते हैं.
ये हैं वाराणसी के सिगरा क्षेत्र के रहने वाले सौरभ मौर्य, जिनकी उम्र महज 35 साल है. 35 साल की उम्र में सौरभ अब तक कुल 165 बार ब्लड और प्लेटलेट्स डोनेट कर चुके हैं. इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनकी तारीफ कर चुके हैं. इतना ही नहीं इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने भी उसके जज्बे को सलाम किया है.
2007 में पहली बार किया था ब्लड डोनेट
सौरभ मौर्य ने बताया कि 2007 में उन्होंने पहली बार ब्लड डोनेट किया था. घर पर झूठ बोलकर वह अपने मित्र के परिजन को ब्लड देने गए थे. उसके बाद उनका ये सिलसिला बढ़ता गया. बाद में घर वाले भी उनका साथ देने लगे और फिर ये शख्स चलता फिरता ब्लड बैंक बन गया. आज सौरभ की टीम में देश के अलग अलग जगहों में 400 से भी ज्यादा वॉलंटियर हैं, जो लोगों के एक मैसेज और फोन पर लोगों को ब्लड दिलाने में जुट जाते हैं.
ब्लड नहीं मिलने के कारण हुई थी दादी की मौत
सौरभ ने बताया कि उनकी दादी की गम्भीर बीमारी से पीड़ित थी और ब्लड नहीं मिल पाने के कारण उनकी मौत हुई थी. पिता से इस कहानी को सुनने के बाद उन्होंने ब्लड डोनेशन के लिए कारवां बनाने का सोचा था. उन्होंने आज इसके लिए एक बड़ी टीम खड़ी कर दी.
इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है नाम
सौरभ मौर्य का नाम इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है. उन्होंने 10 साल में 100 से ज्यादा बार ब्लड डोनेट कर ये खिताब अपने नाम किया है. इसके अलावा पीएम मोदी ने भी साल 2018 में उन्हें पत्र भेजकर न सिर्फ तारीफ की बल्कि उनका हौसला भी बढ़ाया था.
.
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 10:15 IST






