
संदीप सैनी/हिसार: बहुत कम लोग जानते हैं कि हरियाणा के हिसार में मौजूद हांसी को छोटी खाटू नगरी के नाम से भी जाना जाता है. हांसी के श्री श्याम मंदिर में 51वें महोत्सव का आयोजन हुआ. कार्यक्रम में भक्तों को भगवान श्याम के भव्य स्वरूप के दर्शन करने का मौका मिला.
खास बात यह रही कि 51वें महोत्सव पर श्याम बाबा का दरबार 20 लाख रुपये के नोटों से सजाया गया था, जिसे हर कोई देखता ही रह गया. यह नजारा इतना अद्भुत रहा कि भक्तों की नजरें श्याम बाबा से हट ही नहीं रही थीं. इस खास सजावट में 10 के नोट से लेकर 2000 तक के नोटों का प्रयोग किया गया.
श्री श्याम मंदिर कमेटी का दावा है कि आज से पहले हरियाणा में श्याम बाबा का भव्य लक्ष्मी शृंगार कहीं नहीं हुआ है. दिल्ली से आए कारीगरों ने 20 दिन में नोटों की मालाओं को तैयार किया. बता दें कि छोटी खाटू नगरी के नाम से प्रसिद्ध हांसी में श्याम बाबा का महोत्सव चल रहा है. हर साल होने वाला सालाना वार्षिक महोत्सव पूरे देश में प्रसिद्ध है.
पूरे प्रदेश में नहीं हुआ होगा ऐसा शृंगार!
श्याम बाबा के इस महोत्सव में देश से अलग-अलग स्थानों से लोग पहुंचते हैं और हाजिरी लगाते हैं. श्री श्याम मित्र मंडल एवं श्री श्याम भवन ट्रस्ट के प्रधान जगदीश राय मित्तल ने बताया कि इस बार श्याम बाबा का 51वां आठ दिवसीय महोत्सव मनाया जा रहा है. छठे दिन श्याम बाबा का लक्ष्मी श्रृंगार किया गया है, जिसमें करीब 20 लाख रुपये के नोटों का प्रयोग किया गया है. बताया कि हरियाणा में आज से पहले बाबा का इतना भव्य लक्ष्मी श्रृंगार कहीं नहीं हुआ है. श्याम बाबा की पूरे शहर में भव्य यात्रा भी निकाली जाती है. श्याम बाबा का भव्य विशाल जागरण भी किया जाता है.
.
FIRST PUBLISHED : May 27, 2023, 16:45 IST









