
सच्चिदानन्द/पटना. गर्मियों की छुट्टी के दौरान ट्रेनों पर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे लगातार स्पेशल ट्रेनों का परिचालन कर रही है. इसी कड़ी में पटना और गया से आनंद विहार के लिए हफ्ते में तीन दिन समर स्पेशल ट्रेन रेलवे के द्वारा चलाई जाएगी.
आपको बता दें कि पटना से आनन्द विहार के लिए हफ्ते में तीन दिन गुरुवार, शनिवार और रविवार को रात 10 बजकर 20 मिनट पर समर स्पेशल ट्रेन चलेगी, तो वहीं गया से हफ्ते में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को 14.15 बजे खुलेगी. वापसी की बात करें तो आनंद विहार से पटना के लिए हफ्ते में तीन दिन प्रत्येक शुक्रवार, रविवार और सोमवार को आनंद विहार से 23.30 बजे खुलेगी, तो वहीं गया के लिए प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को आनंद विहार से 07.00 बजे खुलेगी.
पटना से आनन्द विहार के लिए समर स्पेशल
गाड़ी संख्या 03255 पटना-आनंद विहार सुपरफास्ट समर स्पेशल 28 मई से 15 जून तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को पटना से 22.20 बजे प्रस्थान करेगी और विभिन्न स्टेशनों पर रूकते हुए अगले दिन 15.00 बजे आनंद विहार पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 03256 आनंद विहार-पटना सुपरफास्ट समर स्पेशल दिनांक 29 मई से 16 जून तक प्रत्येक शुक्रवार एवं सोमवार को आनंद विहार से 23.30 बजे प्रस्थान कर विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन 17.20 बजे पटना पहुंचेगी. अप और डाउन दिशा में यह ट्रेन दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज जं, कानपुर सेंट्रल स्टेशनों पर रूकेगी.
पटना से आनन्द विहार के लिए साप्ताहिक ट्रेन
गाड़ी संख्या 02391 पटना-आनंद विहार सुपरफास्ट समर स्पेशल दिनांक 27 मई से 10 जून तक प्रत्येक शनिवार को पटना से 22.20 बजे प्रस्थान करेगी और अलग-अलग स्टेशनों पर रूकते हुए अगले दिन 15.00 बजे आनंद विहार पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 02392 आनंद विहार-पटना सुपरफास्ट समर स्पेशल 28 मई से 11 जून तक प्रत्येक रविवार को आनंद विहार से 23.30 बजे प्रस्थान कर अलग स्टेशनों पर रूकते हुए अगले दिन 17.20 बजे पटना पहुंचेगी. अप और डाउन दिशा में यह ट्रेन दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज जं, कानपुर सेंट्रल स्टेशनों पर रूकेगी.
गया से आनंद विहार के लिए भी समर स्पेशल
गाड़ी संख्या 03635 गया-आनंद विहार सुपरफास्ट समर स्पेशल दिनांक 29 मई से 14 जून तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को गया से 14.15 बजे प्रस्थान करेगी तथा विभिन्न स्टेशनों पर रूकते हुए अगले दिन 05.00 बजे आनंद विहार पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 03636 आनंद विहार-गया सुपरफास्ट समर स्पेशल 30 मई से 15 जून तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को आनंद विहार से 07.00 बजे प्रस्थान कर विभिन्न स्टेशनों पर रूकते हुए उसी दिन 20.45 बजे गया पहुंचेगी. अप एवं डाउन दिशा में यह ट्रेन अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज जं, कानपुर सेंट्रल स्टेशनों पर रुकेगी.
.
FIRST PUBLISHED : May 27, 2023, 15:13 IST









