
पटना. प्रकाश झा (Prakash Jha) की चर्चित वेबसीरीज आश्रम (Aashram) फेम बिहार के एक्टर अमित रंजन (Amit Ranjan) एक बार फिर अपनी नई फिल्म बांसघाट (Bansghat) को लेकर चर्चा में है. दरअसल अमित रंजन ने प्रकाश झा के साथ कई फिल्मों और बेब सीरीज में काम किया है. दर्शकों ने आश्रम में अमित रंजन के काम को काफी सराहा भी था. वहीं अमित अब अपनी नई फिल्म बांसघाट को लेकर काफी उत्साहित हैं और इस फिल्म को ऑस्कर (Oscar) तक भेजने की बात कहते हैं.
अमित रंजन ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य सच्ची घटनाओं पर आधारित एक फिल्म दिखाना है. बांसघाट में ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों की कहानी दिखाई गयी है. मजदूरों के असमय मृत्यु और फिर दाह संस्कार के बीच की कहानी को बिहार के ही कई जगहों पर फिल्माया गया है. बांसघाट की शूटिंग पूरी तरह से बिहार में हुई है.
बिहार के शेखपुरा के बरबीघा, बाढ़ के उमानाथ घाट के साथ-साथ कई अन्य जगहों पर इस फिल्म की शूटिंग की गई है. अमित रंजन ने बताया कि बिहार के हालातों को फिल्म में उतारने का प्रयास किया गया है। बांसघाट के माध्यम से बिहार के मजदूरों की आर्थिक तंगी और उससे होने वाली परेशानियों को दिखाने का प्रयास किया गया है. किस तरह से एक मजदूर ईट भट्ठे पर काम करता है और आर्थिक तंगी में जीता है और जब उसकी मृत्यु होती है तो श्मशान घाट पर कितनी परेशानी होती है. निर्माता- निर्देश ने इन परेशानियों को फिल्ल्म में दिखाया गया है. इस फिल्म को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की पूरी कोशिश की गई है.









