
गुलशन सिंह/बक्सर. जिले में शुक्रवार की देर शाम तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई. बता दें कि जिले का मौसम बीते दो दिनों से सुहाना बना हुआ है. वहीं मौसम विभाग ने पहले ही येलो अलर्ट जारी किया था. मौसम विभाग ने 24 घंटे के दौरान आंधी के साथ बारिश का पूर्वानुमान लगाया था. इसका प्रभाव बक्सर में शुक्रवार की सुबह साढ़े दस बजे हीं देखने को मिला, जब हवा के साथ हल्की बारिश हुई. दिनभर आकाश में बादल छाए रहने के बाद शाम को तकरीबन 5.30 बजे तेज आंधी तूफान आया, जिसकी चपेट में आकर शादी समारोह के लिए लगाया गया टेंट उखड़ गया. यह नजारा सदर प्रखंड के अहिरौली स्थित यशोदा नगर में देखने को मिला, जहां एक बारात के लिए टेंट लगाया गया था, लेकिन तेज आंधी के कारण टेंट तहस नहस हो गया.
तेज आंधी के साथ शुरू हुई बूंदाबांदी शाम के 6.30 बजे के बाद तेज हो गई. गरज के साथ भारी बारिश होने से चारो तरफ पानी जम गया. सड़कों पर पैदल यात्रियों के साथ बाइक चालकों को बारिश में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. जबकि चार पहिया वाहन सड़क पर दौड़ती रही. पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी के बाद शुक्रवार की शाम में शुरू हुई जोरदार बारिश से जिले का मौसम सुहाना हो गया है. बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. बारिश होने के बाद जेष्ठ माह में भी लोगों को सावन जैसा महसूस हुआ.
तापमान में दर्ज हुई 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट
मौसम के अचानक बदलने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई है. तेज आंधी साथ बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है. अधिकतम तापमान 36 डिग्री से नीचे लुढ़क गया है और तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ गई है. जिले में मौसम का मिजाज अचानक बदला तो किसानों के चेहरे भी खिल उठे. चूंकि रोहिणी नक्षत्र शुरू होने के बाद धान का बिचड़ा किसान डालना शुरू कर देते है. ऐसे में माना जा रहा है कि यह बारिश किसानों के लिए फायदेमंद साबित होगा. किसान अब धान का बिचड़ा डालने के लिए खेत को तैयार करना शुरू कर देंगे.
.
FIRST PUBLISHED : May 26, 2023, 22:50 IST









