
अभिलाष मिश्रा/इंदौर. इंदौर के रहनेवाले जोगिंदर तिवारी लोगों को शाकाहारी रहकर बॉडी बनाना सिखा रहे हैं. बता दें कि जोगिंदर इंदौर के बॉडी बिल्डिंग क्षेत्र में जाना माना नाम हैं. जोगिंदर 2015 में मिस्टर इंदौर रह चुके हैं. पैर टूटने के बावजूद जोगिंदर वेटलिफ्टिंग में गोल्ड मेडल अपने नाम कर चुके हैं. जोगिंदर को बचपन से ही बॉडी बिल्डिंग का शौक रहा है.
जोगिंदर कहते हैं कि मुझे बचपन से ही बॉडी बिल्डिंग का शौक रहा है. पर मैं एक ब्राह्मण परिवार से ताल्लुक रखता हूं. जहां नॉनवेज नहीं खाया जाता. मुझे खुशी है कि मैंने बिना नॉनवेज खाए अच्छी खासी बॉडी बनाई है. जोगिंदर ने बताया कि लोगों में यह भ्रांति है कि जब वे नॉनवेज खाएंगे तभी वे अच्छी खासी बॉडी बनेगी. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है.
जोगिंदर कहते हैं कि सोयाबीन में सबसे ज्यादा प्रोटीन पाया जाता है. जब दो अनाजों को एक साथ मिलाकर खाया जाता है जैसे कि दाल के साथ चावल तो वह भी प्रोटीन का काम करता है. साथ ही अंकुरित मूंग और अंकुरित चने में ढेर सारा प्रोटीन पाया जाता है. इसलिए मैं बिना नॉनवेज खाए बॉडी बनाने के लिए लोगों को जागरूक करता रहता हूं. मैं इंदौर से भोपाल और फिर भोपाल से इंदौर तक साइकिल यात्रा भी कर चुका हूं. जिसका एकमात्र उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था.
उन्होंने बताया कि कई वर्ष हो गए यह जागरूकता अभियान लगातार चल रहा है और साथ में मैं गरीब वर्ग से आनेवाले लोगों को वर्षों से निःशुल्क फिजिकल ट्रेनिंग दे रहा हूं. निशुल्क फिजिकल ट्रेनिंग देने के पीछे मेरा एक ही उद्देश्य है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सके. जोगिंदर ने बताया कि मैं बहुत गरीब परिवार से ताल्लुक रखता हूं. लेकिन ईश्वर की दया से आज एक अच्छे मुकाम पर हूं. इसीलिए मानव सेवा मानकर लगातार मैं लोगों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करता हूं साथ ही ट्रेनिंग भी देता हूं.
कोई भी गरीब घर का बच्चा अगर मुझसे ट्रेनिंग लेने आता है तो मैं उसे निशुल्क ट्रेनिंग देता हूं. हर दिन बड़ी संख्या में युवा मेरे पास फिटनेस से जुड़ी सलाह लेने के लिए आते रहते हैं. मैं पूरा प्रयास करता हूं कि उनको सही तरीके से गाइड कर सकूं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 07:56 IST








