Saharanpur News: जलनिकासी को लेकर लोगों में दिखा रोष, नगर निगम पर फिर लगा गंभीर आरोप, जानिए पूरी खबर

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निखिल त्यागी/सहारनपुर. विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाले नगर निगम को महानगर की कई कॉलोनियों के लोगों ने विकास विरोधी बताया है. सहारनपुर की चंद्र विहार कॉलोनी निवासियों ने नगर निगम के अधिकारियों व स्थानीय पार्षद पर आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी नगर निगम द्वारा कॉलोनी में पानी की निकासी के लिए कोई समुचित समाधान नहीं किया गया. जिसके कारण लोगों में भारी गुस्सा है तथा वह अन्य जनपद में पलायन करने की बात कर रहे हैं.

सहारनपुर की चंद्र विहार कॉलोनी निवासी इरफान ने बताया कि हमारी कॉलोनी में वर्षों से पानी की निकासी संबंधित समस्या चली आ रही है. जिसके समाधान के लिए कॉलोनी वासियों ने नगर आयुक्त, मंडलायुक्त, मुख्यमंत्री पोर्टल, स्थानीय पार्षद व अन्य जनप्रतिनिधियों को बार बार लिखित शिकायत कर समाधान की अपील की. इरफान का आरोप है कि प्रार्थना पत्र के माध्यम से शिकायत करने के बाद भी निगम व जनप्रतिनिधियों ने कॉलोनी की इस मुख्य समस्या का विचार तक नहीं किया. कॉलोनी की गलियों में रुके गंदे पानी के कारण मच्छर व मक्खीयां पैदा हो रहे हैं तथा संक्रमित बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है.

परेशान परिवारों ने दी पलायन की धमकी
कॉलोनी निवासी लोकेश ने कहा कि चंद्र विहार कॉलोनी नगर निगम सहारनपुर विकास प्राधिकरण से स्वीकृत है. जिसमें सैंकड़ो परिवार रह रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस कॉलोनी की मुख्य समस्या गंदे पानी की निकासी है. जिसको लेकर नगर निगम व स्थानीय प्रतिनिधि गंभीर नहीं है. कॉलोनी वासियों ने कहा कि यदि हमारी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो हम अपने मकान बेचकर अन्य जनपदों में पलायन करने को मजबूर होंगे. जिसकी जिम्मेदारी सहारनपुर नगर निगम की होगी.

चुनाव बहिष्कार के बाद भी नगर निगम ने नहीं दिया ध्यान
इरफान ने बताया कि वर्ष 1989 में उसने चंद्र विहार कॉलोनी में मकान बनाया था तथा 2008 में इस कॉलोनी को सहारनपुर विकास प्राधिकरण द्वारा स्वीकृति दी गयी थी. उन्होंने बताया कि कॉलोनी में गंदे पानी की निकासी की समस्या वर्षों से चली आ रही है. गलियों में बहने वाले गंदे पानी के कारण मच्छर, मक्खी व कीड़े पैदा होकर संक्रमित बीमारियां फैलने का कारण बने हुए हैं. इरफान ने बताया कि यदि देखा जाए तो कॉलोनी के प्रत्येक घर में आपको कोई न कोई व्यक्ति या बच्चा बीमार मिल जाएगा. उन्होंने बताया कि हमने पोस्टर लगाकर नगर निगम के चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया था. लेकिन किसी भी अधिकारी के कान पर जूं तक नहीं रेंगी.

Tags: Saharanpur news, Uttar Pradesh News Hindi

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें