
सिद्धांत राज/मुंगेर. पंचायत स्तर पर लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिले इसके लिए सरकार कई तरह के भवन निर्माण कर कर्मियों को नियुक्त करती है ताकि काम सुचारू रूप से चल सके. लेकिन समाज में विपरीत सोच वाले लोग इसके बाधक बन जाते हैं और ऐसे सरकारी भवनों का गलत इस्तेमाल करने लगते हैं. मुंगेर जिला के हवेली खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत बरहौना गांव में भी यही देखने को मिला. जहां दबंगों ने सूचना केन्द्र के भवन पर अवैध तरीके से कब्जा जमा रखा है और निजी तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं. बता दें कि इस सरकारी भवन में दबंग ग्रामीण का टेंट हाउस संचालित हो रहा है.
सरकारी भवन में कहीं जेनरेटा तो कहीं टेंट का पाइप और अन्य सामान रखा हुआ है. किसी कमरे में गद्दा तो किसी कमरे में डीजे का स्टैंड रखा हुआ है. इस भवन का एक कमरा दबंग के कब्जे से बचा हुआ है, जिसमें सरपंच द्वारा ग्राम कचहरी लगाई जाती है और पंचायत स्तर पर होने वाले कार्य को किया जाता है. पंचायत के सरपंच मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना भवन पुराना हो गया है. काफी दिक्कत से इसमें ग्राम कचहरी संचालित हो पा रहा है. इस भवन में 3 कमरे हैं, जिसमें सूचना भवन का एक कमरा हमारे पास है जबकि दो अन्य कमरे में पड़ोसी बिट्टू सिंह ने ताला लगा कर रखा है और उसमें टेंट का सामान रखा है
दबंग ने जबरन सूचना भवन में रखा है टेंट का सामान
सरपंच मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि निजी तौर पर खुद और पंचायत के मुखिया और ग्रामीणों ने बिट्टू सिंह से सूचना भवन को खाली करने के लिए कहा गया, लेकिन वह मान नहीं रहे हैं. पंच हलीमा ने बताया कि लोग मजबूरी में यहां पर काम कर रहे हैं, और दिक्कतें झेल रहे हैं. पड़ोसी ने दबंगता पूर्वक जबरन यहां सामान रखा है. बिट्टू सिंह को सभी समझा कर थक चुके हैं, लेकिन वह समझने को तैयार नहीं है. यहां के कई ग्रामीणों ने भी एतराज जताया. ग्रामीणों ने बताया कि बिट्टू सिंह दबंग है और वह मनमानी करता है. उससे कोई बोलता नहीं है. जो भी कुछ बोलने जाता है उल्टे उसी से उलझ जाता है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 11:48 IST









