
सौरभ तिवारी/बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में गोबर से विभिन्न तरह के उत्पाद बनाए जा रहे हैं. वहीं राज्य के सीएम भूपेश बघेल की RIPA योजना के तहत गोबर से पेंट भी बनाया जा रहा है. बिलासपुर के कोटा क्षेत्र में रानीगांव में भी RIPA के अंतर्गत गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाया जा रहा है. यह पेंट पूरी तरह प्राकृतिक है, इससे किसी तरह का नुकसान नहीं और यह मार्केट में मिलने वाले पेंट से दाम में सस्ता भी है. वहीं इस RIPA केंद्र में महिलाएं प्लास्टिक बोरियां भी बना रही हैं.
इन RIPA केंद्रों में गोबर से प्राकृतिक पेंट और बोरियां बनाकर स्व सहायता समूह के लोगों को आजीविका का साधन मिला है. वहीं इन्हें बेचकर समूह के लोगों को अच्छी आमदनी भी हुई है. गोबर से पेंट बनाकर जागृति महिला स्व सहायता समूह के लोगों ने 1 लाख 80 हजार रुपये की आमदनी की है. जिससे उन्हें 45,000 रुपये का फायदा भी हुआ है. यह लोग अब तक 870 लीटर पेंट बेच चुके हैं और अब इन्हें 7000 लीटर का ऑर्डर भी मिला है. वहीं यहां बन रहे बोरियों को गोठानों में और अन्य जगह उपयोग के लिए भी सप्लाई किया जा रहा.
RIPA केंद्र से अच्छी कमाई
कोटा जनपद पंचायत सीईओ युवराज सिन्हा ने बताया की रानिगांव के RIPA केंद्र में स्व सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण अच्छी आमदनी कर रहे. वहीं कुछ दिनों में इस RIPA केंद्र के सौंदर्यीकरण का काम भी पूरा हो जाएगा. ग्रामीण भी सरकार की इस योजना से काफी खुश हैं. उन्होंने इसकी सराहना की है. रानीगांव के RIPA केंद्र में तुलसी माता स्व सहायता समूह और जागृति महिला स्व सहायता समूह में कुल 20 महिलाएं और 12 पुरुष काम कर रहे हैं जिन्हें सरकार की इस योजना से लाभ हुआ है. वहीं अब जल्द ही इस RIPA केंद्र में अगरबत्ती बनाने का काम भी शुरू किया जाएगा.
.
FIRST PUBLISHED : May 27, 2023, 17:17 IST









